Fact Check: क्या सुशांत के दोस्त संदीप का दाऊद से है कनेक्शन, जानें वायरल फोटो की सच्चाई
नई दिल्ली: सुशांत सिंह राजपूत की मौत को दो महीने से ज्यादा का वक्त हो गया है। अभी तक की जांच में मुंबई पुलिस इसे सुसाइड केस बता रही है, जबकि सोशल मीडिया पर लगातार नए-नए दावे किए जा रहे हैं। सुशांत के परिवार और फैन्स ने इस मामले में बड़ी साजिश की आशंका जताई है। उनके मुताबिक अब सीबीआई ही इस केस के राज से पर्दा हटाएगी। इस बीच सोशल मीडिया पर एक मैसेज वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि सुशांत केस का लिंक अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से है।

क्या है वायरल मैसेज में दावा?
फेसबुक पर जस्टिस फॉर सुशांत सिंह राजपूत नाम के एक ग्रुप में 'सुशांत जस्टिस' नाम से एक यूजर ने फोटो पोस्ट किया है। इस फोटो में दीपिका पादुकोण, रणवीर और संदीप सिंह दिख रहे हैं। फोटो देखकर लग रहा है कि वहां कोई पार्टी हो रही है। इस फोटो में एक शख्स और बैठा है, जिस पर लाल घेरा बनाया गया है। फोटो के साथ लिखा गया कि देखें मेरे दोस्तों, दीपिका, रणवीर, महेश और संदीप... अगर मैं गलत नहीं हूं तो ये दाऊद है। ग्रुप के लोगों को इस फोटो के लिए धन्यवाद।

संदीप शुरू से फैन्स के निशाने पर
दरअसल संदीप सुशांत के करीबी दोस्त थे। वो उन लोगों में भी शामिल हैं, जो सुशांत की मौत के बाद उनके फ्लैट पर सबसे पहले पहुंचे थे। उन्होंने सुशांत केस में मीडिया के सामने कई बार अपना बयान पलटा है। जिस वजह से वो शुरूआत से ही चर्चा में रहे हैं। ग्रुप पर फोटो जाते ही लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वो दीपिका, रणवीर और संदीप को जमकर खरी-खोटी सुनाने लगे। उन्होंने सुशांत केस में अंडरवर्ल्ड का हाथ बताया है, लेकिन इस फोटो की सच्चाई कुछ और ही है।

क्या है फोटो की असलियत?
हमारी टीम ने जांच में पाया कि सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा पूरी तरह से झूठा है। फोटो में जिसे लाल घेरा दिखाकर दाऊद इब्राहिम बताया गया है, वो प्रोडक्शन डिजाइनर और आर्ड डायरेक्टर वासिक खान हैं। साथ ही तस्वीर में महेश शेट्टी नहीं हैं। ये फोटो "गोलियां की रासलीला राम लीला" के सेट की है। उस दौरान वहां पर इफ्तार पार्टी हुई थी, जिसमें सभी शामिल हुए थे। इसकी ओरिजनल फोटो में संजय लीला भंसाली भी थे, जिन्हें क्राप कर दिया गया था। इस साल 17 मई को संदीप ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ये फोटो दोबारा पोस्ट की थी।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे

Fact Check
दावा
सुशांत के दोस्त संदीप का है डॉन दाऊद इब्राहिम से कनेक्शन
नतीजा
दावा झूठा है...फोटो को एडिट करके गलत तरीके से पोस्ट किया गया












Click it and Unblock the Notifications