बेमतलब और बेमानी है, लिब्रहान रिपोर्ट

वाजपेयी का मुखौटा
लिब्रहान आयोग जांच रिपोर्ट के लीक हुए हिस्से में अटल बिहारी वाजपेयी पर उंगली उठने से कुछ लोग हैरत जता रहे हैं। लेकिन सच यह है कि अटल बिहारी वाजपेयी के 'खांटी संघी' चेहरे पर आरएसएस ने एक उदारवादी मुखौटा लगा दिया था, जो बोलता कुछ था और करता कुछ और था। यह नहीं भूलना चाहिए कि आखिर अटल बिहारी वाजपेयी भी तो खाकी निक्करधारी हीं हैं। वे भला सभी स्यंवसेवकों की तरह आरएसएस की नीतियों से कैसे अलग जा सकते थे? उसी मुखौटे से संघ परिवार ने 'अछूत' माने जाने वाली भाजपा को कुछ सत्ता के भूखे 'समाजवादियों' में स्वीकार्य कराकर भाजपा की सरकार बनवा दी थी। अटल बिहारी वाजपेयी नाम के शख्स का मुखौटा तो तब ही उतर गया था, जब वे 5 दिसम्बर 1992 को जमीन को समतल करने और वेदी के लिए जमीन लेने की बात कहकर अपनी मंशा जाहिर कर रहे थे। क्या किसी को याद पड़ता है कि कभी अटल बिहारी वाजपेयी ने संघ की मर्जी के बगैर कोई कदम उठाया हो? याद किजिए 2002 का गुजरात नरंसहार। नरसंहार के बाद जब वाजपेयी विदेश यात्रा पर जा रहे थे, तो उन्होंने रुंधे गले से कहा था कि 'मैं क्या मुंह लेकर विदेश जाउंगा।' विदेश यात्रा से आने के बाद शायद आरएसएस की फटकार का नतीता था कि विदेश यात्रा से कुछ ही दिन बाद हुए भाजपा के गोवा अधिवेशन में वाजपेयी का 'सुर' बदला हुआ था।
लिब्रहान आयोग की रिपोर्ट के कुछ अंश ही लीक हुए हैं। पूरी रिपोर्ट सार्वजनिक कर भी दी जाएगी तो क्या फायदा होने वाला है। 6 दिसम्बर का हादसा ऐसा नहीं था, जिसकी जांच में सत्रह साल का वक्त लगा दिया जाए। ऐसे में जांच रिपोर्ट बेनतीजा, बेमतलब और बेमानी है। वैसे भी भारत के इतिहास में अव्वल तो कभी जांच रिपोर्ट मुश्किल से ही सार्वजनिक की जाती है। सार्वजनिक कर भी दी गयी तो उस पर कभी अमल नहीं होता। 1987 में हुए मलियाना कांड की जांच रिपोर्ट सरकार के पास पड़ी धूल फांक रही है। मुसलमानों का अलमबरदार कहे जाने वाले मुलायम सिंह भी मुख्यमंत्री बने। मायावती पूर्ण बहुमत से सत्ता में हैं, लेकिन इन दोनों को कभी यह खयाल नहीं आया कि मलियाना कांड की रिपोर्ट को सार्वजनिक करके दोषियों को दंड दिया जाए। बाबरी मस्जिद विध्वंस के फौरन बाद हुए मुंबई दंगों की श्रीकृष्णा आयोग की रिपोर्ट का हशर सबको मालूम है। सवाल यह है कि जब ऐसी जांच आयोग की रिपोर्ट की कोई हैसियत नहीं है तो क्यों समय और पैसा बरबाद किया जाता है ?
किसी को फायदा नहीं
लिब्रहान आयोग की रिपोर्ट लीक होने से किस को फायदा या नुकसान होगा, ये भी अब बेमानी है। 6 दिसम्बर 1992 के बाद सरयू में बहुत पानी बह चुका है। काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती है। यदि भाजपा या सपा ये सोच रही हैं कि वे इसका फायदा उठा लेंगी तो वे गलत सोच रही हैं। हिन्दुओं को पता चल चुका है कि भाजपा ने उनका उल्लू बनाया तो मुसलमान भी बाबरी मस्जिद को भूलकर आगे निकल चुके हैं। जो बेगुनाह लोग बाबरी मस्जिद और राममंदिर आंदोलन के चलते मारे गए थे, शायद उन्हीं बेगुनाह लोगों की ही आह का असर है कि बाबरी मस्जिद और राममंदिर आंदोलन के 'गर्भ' से निकली भाजपा और समाजवादी पार्टी न सिर्फ समय-समय पर अपमानित हो रही हैं, बल्कि 'सुपूर्द-ए-खाक' होने की ओर भी अग्रसर हैं। सरकार भले ही इंसाफ दे या न दे, वक्त तो अपना काम करता ही है। वक्त को किसी लिब्रहान आयोग की जरुरत नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications