Operation Sindoor 2.0 को लेकर आर्मी चीफ का बड़ा बयान- 'जरूरत पड़ने पर पूरी तरह तैयार हैं आर्म्ड फोर्स'
Operation Sindoor 2.0: आर्मी चीफ जरनल उपेंद्र द्विवेदी ने 'ऑपरेशन सिंदूर 2.0' को लेकर बड़ा संकेत दिया है। 30 मई (शनिवार) को उपेंद्र द्विवेदी ने कहा भारतीय सशस्त्र बल आवश्यकता पड़ने पर 'ऑपरेशन सिंदूर 2.0' के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तीनों सेनाएं बदलते सुरक्षा परिदृश्य में बहु-डोमेन युद्ध क्षमता को लगातार मजबूत कर रही हैं।
पुणे में आयोजित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के 150वें कोर्स की पासिंग-आउट परेड के बाद सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना संयुक्त रूप से भविष्य के युद्धों के लिए अपनी तैयारियों को तेज कर रही हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आधुनिक युद्ध अब केवल भूमि, वायु और समुद्र तक सीमित नहीं रह गया है।

'ऑपरेशन सिंदूर 2.0' की तैयारी
सेना प्रमुख ने साफ कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, सिर्फ लड़ाई रोकने जैसी अस्थायी स्थिति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि सेना, नौसेना और वायुसेना मिलकर आने वाले समय के युद्धों की तैयारी कर रही हैं, जहां AI, ड्रोन, साइबर हमले, अंतरिक्ष और सूचना युद्ध जैसी तकनीकें बहुत अहम भूमिका निभाएंगी।
उनके मुताबिक अब युद्ध सिर्फ बॉर्डर तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि ये दिमाग, डेटा और टेक्नोलॉजी के स्तर पर भी लड़ा जाएगा।
याद रहे ऑपरेशन सिंदूर अप्रैल 2025 के बाद की स्थिति से जुड़ा है, जब पहलगाम आतंकी हमला में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई की थी।
AI Warfare, Drones और Future War के लिए तैयार
सेना प्रमुख ने कहा कि भविष्य के संघर्ष केवल पारंपरिक युद्ध तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि इनमें अंतरिक्ष, साइबर और संज्ञानात्मक (cognitive) डोमेन की भूमिका भी बेहद अहम होगी। उन्होंने बताया कि तीनों सेनाएं इन क्षेत्रों में अपनी क्षमताओं और तालमेल को लगातार विकसित कर रही हैं।
उपेंद्र द्विवेदी ने यह भी चेतावनी दी कि आधुनिक युद्धक्षेत्र अब अत्यधिक पारदर्शी हो गया है। किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत विरोधी पक्ष तक पहुंच सकती है, इसलिए बलों की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था में अत्यधिक सतर्कता जरूरी है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में तैनात सैनिकों के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता में रखना होगा।












Click it and Unblock the Notifications