Ramayana BO Collection Day 1: बॉक्स ऑफिस पर 'रामायण' का महाविस्फोट, ओपनिंग डे पर कमाए 127 करोड़ रुपए
Ramayana Box Office Collection Day 1: भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में शामिल निर्देशक नितेश तिवारी की 'रामायण पार्ट 1' आखिरकार बड़े पर्दे पर दस्तक दे चुकी है। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच लंबे समय से जबरदस्त उत्साह बना हुआ था। अब सिनेमाघरों में रिलीज के साथ ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी ताकत दिखा दी है। शुरुआती दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी काफी उत्साहजनक बताई जा रही हैं। भगवान राम, रावण और माता सीता के किरदारों से लेकर फिल्म के भव्य विजुअल्स तक की चर्चा हो रही है।
'रामायण पार्ट 1' पहले दिन बनाए नए रिकॉर्ड्स
करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में तैयार इस फिल्म ने पहले ही दिन भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजार में शानदार प्रदर्शन किया है। दुनिया के 100 से अधिक देशों और करीब 59 हजार स्क्रीन्स पर रिलीज हुई 'रामायण' ने पहले दिन कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। आइए जानते हैं कि फिल्म ने ओपनिंग डे पर कितनी कमाई की और किन फिल्मों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए।

'रामायण पार्ट 1' की कहानी ने दर्शकों को बांधे रखा
-फिल्म की शुरुआत पक्षीराज जटायु के प्रसंग से होती है, जिन्हें अनुपम खेर ने अपनी आवाज दी है। शुरुआती दृश्य दर्शकों को उस पौराणिक काल में ले जाते हैं, जब देवताओं और असुरों के बीच भयंकर युद्ध हुआ था। इस संघर्ष में देवताओं की जीत होती है और लंका का शासन कुबेर को सौंप दिया जाता है।
-इसके बाद कहानी असुर कुल की दुर्दशा और उनके संघर्ष की तरफ बढ़ती है। रसातल में बदहाली का जीवन जी रहे असुरों के हालात से परेशान महारानी कैकसी अपने बेटे दशानन यानी रावण को लंका का खोया हुआ वैभव वापस हासिल करने के लिए प्रेरित करती हैं। मां की इस चुनौती के बाद रावण कठोर तपस्या में लीन हो जाता है और यहीं से उसके शक्तिशाली बनने की कहानी आगे बढ़ती है।
-फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आ रहे हैं जबकि यश ने रावण की भूमिका निभाई है। दोनों कलाकारों के किरदारों को काफी प्रभावशाली अंदाज में पेश किया गया है। खासतौर पर यश के रावण वाले अवतार और रणबीर के राम स्वरूप की खूब चर्चा हो रही है। फिल्म के भव्य सेट, वीएफएक्स और एनिमेशन ने भी इसे बड़े सिनेमाई अनुभव में बदलने की कोशिश की है।
पहले दिन भारत में 'रामायणम्' ने कितने करोड़ कमाए?
-'रामायण पार्ट 1' को देशभर में हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम समेत पांच भाषाओं में रिलीज किया गया है। फिल्म को हिंदी दर्शकों से सबसे ज्यादा रिस्पॉन्स मिला है। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन भारत में करीब 25 हजार शोज के जरिए 64.85 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। वहीं इसका घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 77.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
-भाषाओं के हिसाब से देखें तो हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा योगदान दिया है। अकेले हिंदी में फिल्म ने लगभग 47.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। इससे साफ है कि भगवान राम की इस महागाथा को हिंदी बेल्ट में भी दर्शकों का अच्छा साथ मिला है।
विदेशों में भी चला 'रामायण' का जादू, वर्ल्डवाइड कमाई 127 करोड़ पार
-'रामायण' का प्रदर्शन सिर्फ भारतीय सिनेमाघरों तक सीमित नहीं रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी फिल्म ने शानदार शुरुआत की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन विदेशों में करीब 50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया।
-घरेलू और विदेशी बाजार की कमाई को मिलाकर फिल्म का पहले दिन का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 127.50 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं ओपनिंग डे पर फिल्म के करीब 25.25 लाख टिकट बिकने की जानकारी सामने आई है।
-खास बात ये है कि फिल्म की एडवांस बुकिंग को अमेरिका जैसे विदेशी बाजारों में भी शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। इससे रिलीज से पहले ही इसके बड़े ओपनिंग कलेक्शन के संकेत मिलने लगे थे।
रणबीर कपूर के करियर की सबसे बड़ी ओपनर बनी फिल्म
-'रामायण पार्ट 1' ने पहले दिन की कमाई के साथ रणबीर कपूर के करियर का एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। ये उनके फिल्मी करियर की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है।
-इससे पहले रणबीर कपूर की फिल्म 'एनिमल' ने रिलीज के पहले दिन 63.80 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। वहीं संजय दत्त की बायोपिक 'संजू' ने ओपनिंग डे पर 34.75 करोड़ रुपये कमाए थे। उनकी फिल्म 'ब्रह्मास्त्र पार्ट 1' का पहले दिन का कलेक्शन 36.42 करोड़ रुपये रहा था।
-इसके अलावा 'रामायण' ने पिछले साल रिलीज हुई 'धुरंधर' के 28 करोड़ रुपये के ओपनिंग डे कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। इस तरह रणबीर कपूर के करियर में पहली बार किसी फिल्म ने पहले दिन 64 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन किया है।
2026 की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बनी 'रामायण'
-साल 2026 में अब तक कई बड़ी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। इस लिस्ट में 'धुरंधर 2' और 'टॉक्सिक' जैसी फिल्मों के नाम शामिल हैं। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक 'धुरंधर 2' ने पहले दिन भारत में 102.55 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। वहीं 'टॉक्सिक' की ओपनिंग 101.10 करोड़ रुपये रही। इसके अलावा 'दृश्यम 3' ने पहले दिन करीब 62 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
-ऐसे में 64.85 करोड़ रुपये के ओपनिंग डे नेट कलेक्शन के साथ 'रामायण पार्ट 1' ने 'दृश्यम 3' को पीछे छोड़ दिया है। इस तरह यह 2026 की अब तक की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है।
क्या आगे भी कायम रहेगा 'रामायण' का बॉक्स ऑफिस दबदबा?
-पहले दिन के आंकड़े बताते हैं कि 'रामायण पार्ट 1' को लेकर दर्शकों में जबरदस्त दिलचस्पी है। फिल्म की भव्यता, पौराणिक कहानी और बड़े सितारों की मौजूदगी ने इसे रिलीज से पहले ही चर्चा में ला दिया था। अब इसकी असली परीक्षा वीकेंड और आने वाले दिनों में होगी।
-अगर दर्शकों की प्रतिक्रिया और सिनेमाघरों में फुटफॉल इसी तरह बना रहता है तो फिल्म आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कई और बड़े रिकॉर्ड बना सकती है। फिलहाल 127.50 करोड़ रुपये की ग्लोबल ओपनिंग के साथ 'रामायण' ने अपनी शानदार शुरुआत दर्ज करा दी है।


Click it and Unblock the Notifications
