Nagabandham Review: मंदिरों के रहस्य और रोंगटे खड़े कर देने वाली माइथोलॉजिकल एक्शन फिल्म है 'नागबंधम'
फिल्म: नागबंधम- द सीक्रेट ट्रेजर (Nagabandham)
स्टारकास्ट: विराट कर्णा, नभा नतेश, महेश मांजरेकर, जगपति बाबू, मुरली शर्मा, अनसूया भारद्वाज
डायरेक्टर: अभिषेक नामा
रनटाइम: 3 घंटे 5 मिनट
स्टार: 3 (***)
Nagabandham Review: भारतीय सिनेमा में जब भी पौराणिक रहस्य, प्राचीन मंदिरों की अनकही कहानियां और विशाल स्तर पर रचे गए रोमांच की बात होती है, दर्शकों की अपेक्षाएं अपने आप बढ़ जाती हैं। 'नागबंधम-द सीक्रेट ट्रेजर' ऐसी ही एक फिल्म है जो दर्शकों को एक ऐसे संसार में लेकर जाती है जहां रहस्य, इतिहास, सनातन परंपराएं और छिपी हुई शक्तियां एक साथ जीवंत होती नजर आती हैं।

ये फिल्म सिर्फ खजाने की तलाश की कहानी नहीं है बल्कि सनातन परंपराओं से जुड़े उन रहस्यों की यात्रा है जिनके बारे में अक्सर केवल कथाएं सुनने को मिलती हैं। ये कहानिया अब तक फिल्मों में नजर नहीं आती थीं।
क्या है फिल्म 'नागबंधम-द सीक्रेट ट्रेजर' की कहानी?
-फिल्म की कहानी रहस्य के साथ शुरू होती है और धीरे-धीरे अपने बड़े कैनवास को दर्शकों के सामने खोलती है। एक तरफ अतीत में छिपे ऐसे रहस्य हैं जो वर्षों से दुनिया से दूर हैं, तो दूसरी ओर वर्तमान में कुछ ऐसे लोग हैं जिनकी जिंदगी इन रहस्यों से अनजाने में जुड़ जाती है।
-रुद्र की जिंदगी अचानक एक दर्दनाक मोड़ लेती है, जहां परिवार पर हुए हमले के बाद उसके सामने ऐसे सवाल खड़े हो जाते हैं जिनके जवाब सामान्य दुनिया में नहीं बल्कि सदियों पुराने इतिहास में छिपे हैं। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, नागबंधम, ब्रह्मकमल और प्राचीन मंदिरों के रहस्य धीरे-धीरे खुलते जाते हैं।
-फिल्म की सबसे बड़ी ताकत ये है कि ये सिर्फ एक खजाने की खोज तक सीमित नहीं रहती बल्कि उसे धार्मिक मान्यताओं, इतिहास और रहस्यमयी घटनाओं से जोड़कर एक बड़े अनुभव में बदल देती है।
निर्देशन और तकनीकी पहलू
-निर्देशक अभिषेक नामा ने फिल्म नागबंधम को केवल कहानी के स्तर पर नहीं बल्कि विजुअल स्केल पर भी बड़ा बनाने का प्रयास किया है। फिल्म के कई दृश्य ऐसे हैं जो थिएटर के बड़े पर्दे पर प्रभाव छोड़ते हैं।
-विशेष रूप से विशाल मंदिर, राजसी महलों जैसे सेट्स, गुफाओं की रहस्यमयी दुनिया और ऐतिहासिक वातावरण फिल्म को एक अलग पहचान देते हैं। सेट डिजाइन और आर्ट डायरेक्शन उल्लेखनीय है।
-फिल्म की सिनेमैटोग्राफी इसकी बड़ी ताकत बनकर सामने आती है। कैमरा कई दृश्यों को भव्यता के साथ प्रस्तुत करता है। एक्शन दृश्यों को बड़े स्तर पर डिजाइन किया गया है और कई सीक्वेंस दर्शकों को चौंकाने की क्षमता रखते हैं। खासकर युद्ध और संघर्ष वाले दृश्य काफी प्रभावी बन पड़े हैं।
फिल्म की स्टारकास्ट और उनकी एक्टिंग
-रुद्र के किरदार में विराट कर्णा पूरी फिल्म का मजबूत केंद्र दिखाई देते हैं। एक्शन दृश्यों में उनका आत्मविश्वास और भावनात्मक दृश्यों में उनकी संवेदनशीलता दोनों प्रभाव छोड़ती हैं। विशेष रूप से उनके नागा रूप वाले दृश्य आकर्षक लगते हैं।
-पार्वती के रूप में नभा नतेश अपने किरदार में सहज दिखाई देती हैं और स्क्रीन पर अच्छा प्रभाव छोड़ती हैं। जगपति बाबू अपने अनुभव के साथ किरदार में गंभीरता लेकर आते हैं और उनकी स्क्रीन प्रेजेंस हमेशा की तरह मजबूत है।
-महेश मांजरेकर अपने सीमित दृश्यों में भी प्रभाव पैदा करने में सफल रहते हैं। मुरली शर्मा एक बार फिर अपने संतुलित और स्वाभाविक अभिनय से किरदार को मजबूती देते हैं। रामचंद्र राजू अपने नकारात्मक किरदार में प्रभावी दिखाई देते हैं और कहानी में खतरे का एहसास बनाए रखते हैं।
-ऋषभ साहनी फिल्म में एक सरप्राइज पैकेज साबित होते हैं। उनकी बॉडी लैंग्वेज, आक्रामकता और स्क्रीन प्रेजेंस विरोधी किरदार को दमदार बनाती है। अनसूया भारद्वाज, सरन्या पोनवन्नन और दक्षा नागरकर भी अपने-अपने हिस्से में अच्छा योगदान देती हैं।
फाइनल वर्डिक्ट
'नागबंधम-द सीक्रेट ट्रेजर' सिर्फ एक एडवेंचर फिल्म नहीं बल्कि रहस्य, इतिहास, सनातन परंपराओं और बड़े पैमाने पर प्रस्तुत किए गए दृश्य संसार का मिश्रण है। फिल्म की भव्यता, विशाल सेट्स, रहस्य से भरी कहानी, हैरतअंगेज एक्शन और कलाकारों का प्रभावी अभिनय इसे एक अलग अनुभव बनाते हैं। यदि आपको प्राचीन मंदिरों के रहस्य, छिपे खजानों की कहानियां और बड़े कैनवास पर बनी विजुअली शानदार फिल्में पसंद हैं, तो 'नागबंधम' थिएटर में देखनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications