शाहरुख़ खान ने बनाया खुद का इंटरनेशनल स्टेडियम, हैरान रह गई दुनिया, किस शहर में बना 200 करोड़ का मैदान
Shah Rukh Khan: बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान की मालिकाना हक वाली फ्रैंचाइज़ी नाइट राइडर्स ग्रुप ने खेल जगत के ग्लोबल नक्शे पर एक ऐसा ऐतिहासिक और अभूतपूर्व कारनामा कर दिखाया है जिसे आज तक दुनिया की कोई भी क्रिकेट फ्रैंचाइज़ी अंजाम नहीं दे पाई थी। नाइट राइडर्स ग्रुप ने अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित लॉस एंजिल्स में अपना खुद का शानदार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तैयार कर लिया है।
दुनिया भर में अपनी तीन आईपीएल ट्रॉफियों और आक्रामक ब्रांड वैल्यू के लिए मशहूर कोलकाता नाइट राइडर्स का यह नया कदम खेल के वैश्विक विस्तार की दिशा में मील का पत्थर माना जा रहा है। अमेरिका के पोमोना फेयरप्लेक्स में बनकर तैयार हुए इस भव्य मैदान का वीडियो भी सामने आ गया है, जिसे आईसीसी ने शेयर किया है।

दुनिया के इतिहास में खुद का स्टेडियम बनाने वाली पहली ग्लोबल क्रिकेट फ्रेंचाइजी बनी केकेआर
इस नए और अत्याधुनिक स्टेडियम के उद्घाटन के साथ ही नाइट राइडर्स ग्रुप दुनिया का पहला ऐसा ग्लोबल क्रिकेट ब्रांड बन गया है जिसने विदेशी धरती पर अपना खुद का अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट ग्राउंड स्थापित किया है। इस ऐतिहासिक मैदान का नाम आधिकारिक तौर पर नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड रखा गया है जो हर आधुनिक सुविधा से लैस है।
इस मैदान की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके मुख्य स्क्वायर पर आठ बेहद उच्च गुणवत्ता वाली प्राकृतिक घास की विकेट्स बनाई गई हैं। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय नियमों के मानकों को पूरा करने वाले इस खूबसूरत अरीना में रात के मैचों के शानदार प्रसारण के लिए 120 फीट ऊंचे छह विशाल फ्लडलाइट टावर्स भी खड़े किए गए हैं।
बेहद भावुक हुए किंग खान शाहरुख
इस ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण पर सोशल मीडिया के जरिए अपनी गहरी खुशी जाहिर करते हुए बॉलीवुड के मेगास्टार शाहरुख खान काफी भावुक नजर आए। किंग खान ने दुनिया भर के प्रशंसकों के नाम एक विशेष संदेश साझा करते हुए कहा कि जो सफर कुछ साल पहले सिर्फ एक छोटे से सपने के रूप में शुरू हुआ था, वह आज पूरी तरह हकीकत बन चुका है।
उन्होंने आगे कहा कि दुनिया के दूसरे सबसे बड़े और सबसे ज्यादा देखे जाने वाले खेल क्रिकेट को लॉस एंजिल्स के इस आलीशान मंच पर लाना उनके पूरे परिवार के लिए एक बेहद गर्व का क्षण है। शाहरुख ने इस पूरे प्रोजेक्ट के दौरान मिले शानदार सहयोग के लिए आईसीसी चैयरमैन जय शाह और संजोग गुप्ता का भी विशेष रूप से आभार व्यक्त किया है।
The cricket venue for @LA28 Olympics in Pomona County, Los Angeles is ready to host its FIRST-EVER competitive match today!
The Knight Riders Cricket Ground hosts the first home game for Los Angeles Knight Riders in the @MLCricket.
All the best to both teams and watch out for… pic.twitter.com/xe1p4WVexz
— ICC (@ICC) July 1, 2026
कितनी है दर्शकों की क्षमता और क्या है बजट
शाहरुख खान के इस नए नाइट राइडर्स क्रिकेट स्टेडियम को बनाने में कुल ₹199 करोड़ (करीब 200 करोड़ रुपये) यानी 21 मिलियन डॉलर का बजट खर्च हुआ है। दर्शकों के बैठने की क्षमता की बात करें तो शुरुआत में इस मैदान पर 5,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। मेजर लीग क्रिकेट (MLC) और 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक खेलों को देखते हुए इसकी क्षमता को बढ़ाया जा रहा है, जिससे साल 2027 तक यह 12,000 सीट्स और 2028 ओलंपिक तक कुल 15,000 सीट्स का एक भव्य स्टेडियम बन जाएगा।
2028 ओलिंपिक का भी मुख्य केंद्र बनेगा यह मैदान
यह नवनिर्मित शानदार मैदान मेजर लीग क्रिकेट में लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स की टीम का आधिकारिक होम ग्राउंड होगा, जहां जुलाई के पहले सप्ताह में वाशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ उद्घाटन मुकाबला भी खेला जा चुका है। 21 मिलियन डॉलर की भारी लागत से बने इस स्टेडियम को केवल खेल ही नहीं बल्कि परिवारों के मनोरंजन के लिहाज से डिजाइन किया गया है।
इस अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का असली महत्व साल 2028 में होने वाले लॉस एंजिल्स ओलिंपिक खेलों के दौरान देखने को मिलेगा। जब 128 सालों के लंबे इंतजार के बाद क्रिकेट आधिकारिक तौर पर ओलिंपिक खेलों का हिस्सा बनेगा, तब शाहरुख खान का यह आलीशान स्टेडियम दुनिया के सबसे बड़े एथलीटों और मैचों की मेजबानी करने वाले मुख्य केंद्रों में शीर्ष पर रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications