Eetha Trailer Out: श्रद्धा कपूर की 'ईठा' का ट्रेलर रिलीज, लावणी कलाकार विठाबाई के किरदार में छाईं एक्ट्रेस

Eetha Trailer Out: बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपनी अदाकारी का जादू बिखेरने के लिए तैयार हैं। मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स की म्यूजिकल बायोपिक फिल्म 'ईठा' से श्रद्धा कपूर लंबे समय बाद सिनेमाघरों में वापसी कर रही हैं। फिल्म का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जिसमें श्रद्धा कपूर एक बिल्कुल अलग और दमदार अंदाज में दिखाई दे रही हैं।

फिल्म 'ईठा' का ट्रेलर हुआ रिलीज
महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म में एक ऐसी महिला की कहानी दिखाई जाएगी, जिसने तमाम सामाजिक और व्यक्तिगत चुनौतियों के बावजूद अपनी कला के दम पर अलग पहचान बनाई।

Eetha Trailer

'ईठा' के ट्रेलर में श्रद्धा कपूर का दिखा दमदार अंदाज

-'ईठा' का ट्रेलर पुराने महाराष्ट्र की सांस्कृतिक और रंगीन दुनिया की झलक दिखाता है। इसमें पारंपरिक मंचीय प्रस्तुतियों, लावणी, संगीत और तमाशा कला के साथ एक महिला के संघर्ष की कहानी को खूबसूरती से पेश किया गया है। श्रद्धा कपूर फिल्म में विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभा रही हैं। ट्रेलर में उनका अभिनय और अंदाज काफी प्रभावशाली नजर आ रहा है।

-'स्त्री 2' जैसी मनोरंजक फिल्म के बाद श्रद्धा इस बार एक गंभीर और चुनौतीपूर्ण किरदार में दिखाई देंगी। महाराष्ट्रीयन नौवारी साड़ी, पारंपरिक गहने और बेबाक अंदाज में उनका लुक किरदार के मिजाज से पूरी तरह मेल खाता है। ट्रेलर से साफ है कि एक्ट्रेस ने इस भूमिका के लिए अपने अभिनय के साथ-साथ लुक और हावभाव पर भी खास मेहनत की है।

'ये सिर्फ कपड़ा नहीं, अभिमान है', श्रद्धा का डायलॉग जीत रहा दिल

-फिल्म के ट्रेलर में श्रद्धा कपूर का एक डायलॉग खास ध्यान खींचता है। वह कहती नजर आती हैं, 'ये सिर्फ कपड़ा नहीं, अभिमान है।' नौवारी साड़ी को लेकर कही गई यह बात फिल्म की कहानी के भावनात्मक और सांस्कृतिक पक्ष को सामने लाती है।

-विठाबाई के लिए नौवारी साड़ी महज पहनावा नहीं बल्कि उनकी परंपरा, पहचान और आत्मसम्मान का प्रतीक है। फिल्म के जरिए ये दिखाने की कोशिश की गई है कि एक महिला अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहते हुए भी अपनी अलग पहचान बना सकती है। ट्रेलर में विठाबाई का आत्मविश्वास और परिस्थितियों से लड़ने का जज्बा दर्शकों को प्रभावित करता है।

रणदीप हुड्डा के लुक ने भी खींचा ध्यान

-इस बायोपिक में रणदीप हुड्डा भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। वह फिल्म में मर्चेंट का किरदार निभाते दिखाई देंगे, जो विठाबाई नारायणगांवकर के पति थे। ट्रेलर रिलीज से पहले अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अपने किरदार का फर्स्ट लुक पोस्टर भी साझा किया था। इस पोस्टर के साथ रणदीप ने लिखा था- 'ईठा के दिल पर राज करने आ रहे हैं मर्चेंट, कल ट्रेलर रिलीज होगा। सिनेमाघरों में 4 दिसंबर 2026 को होगी रिलीज।

-रणदीप हुड्डा का ये लुक सामने आने के बाद से ही दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई थी। अब ट्रेलर में श्रद्धा और रणदीप की मौजूदगी ने फिल्म को लेकर चर्चा और तेज कर दी है।

क्या है फिल्म 'ईठा' की कहानी?

-'ईठा' महाराष्ट्र की दिग्गज तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित है। फिल्म में उनके कला के प्रति जुनून, महत्वाकांक्षा, संघर्ष और अपनी पहचान बनाने की जिद को दिखाया जाएगा।

-विठाबाई ने ऐसे दौर में अपनी कला के जरिए पहचान बनाई, जब महिलाओं के लिए इस क्षेत्र में आगे बढ़ना आसान नहीं था। फिल्म उनकी जिंदगी के उन पहलुओं को सामने लाने की कोशिश करती है, जिन्होंने उन्हें महाराष्ट्र की लोककला की एक यादगार शख्सियत बना दिया।

-मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। फिल्म में मोहम्मद जीशान अय्यूब, अनंत जोशी, सिद्धार्थ जाधव, अक्षरा सिंह और उल्का गुप्ता भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

अजय-अतुल का संगीत और वैभवी मर्चेंट की कोरियोग्राफी

लावणी और तमाशा की दुनिया संगीत और नृत्य के बिना अधूरी है। ऐसे में फिल्म के मेकर्स ने इसके म्यूजिक और डांस पर भी खास ध्यान दिया है। फिल्म का संगीत मशहूर संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने तैयार किया है जबकि डांस सीक्वेंस की कोरियोग्राफी वैभवी मर्चेंट ने की है।

फिल्म के ट्रेलर में पारंपरिक संगीत और मंचीय प्रस्तुतियों की झलक देखने को मिलती है। ऐसे में दर्शकों को उम्मीद है कि फिल्म में महाराष्ट्र की लोकसंस्कृति और लावणी की खूबसूरती को बड़े पर्दे पर शानदार तरीके से दिखाया जाएगा।

कब रिलीज होगी श्रद्धा कपूर की 'ईठा'?

श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा स्टारर 'ईठा' 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। खास बात ये है कि श्रद्धा इस फिल्म के जरिए अपने चिर-परिचित ग्लैमरस और कॉमेडी अंदाज से हटकर एक ऐसी महिला का किरदार निभा रही हैं, जिसकी जिंदगी संघर्ष, आत्मसम्मान और कला के जुनून की मिसाल रही है। अब देखना होगा कि विठाबाई की यह प्रेरणादायक कहानी बड़े पर्दे पर दर्शकों का दिल जीतने में कितनी कामयाब होती है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+