Dulhaniya Le Aaeegi Review: 'दुल्हनिया ले आएगी' में खुशाली कुमार का दमदार अभिनय, परिवार संग देखने लायक है मूवी
फिल्म: दुल्हनिया ले आएगी (Dulhaniya Le Aaeegi)
स्टार कास्ट: महेश मांजरेकर, पीयूष मिश्रा, खुशाली कुमार, ओमकार कपूर, स्नेहिल दीक्षित मेहरा
डायरेक्टर: आकाशादित्य लामा
रन टाइम: 2 घंटे 7 मिनट
रेटिंग: 3 (***)
Dulhaniya Le Aaeegi Review: रोमांटिक कॉमेडी और पारिवारिक मनोरंजन वाली फिल्मों का अपना एक अलग दर्शक वर्ग रहा है। हाल के वर्षों में इस तरह की फिल्में कम देखने को मिली हैं लेकिन 'दुल्हनिया ले आएगी', उसी पुराने बॉलीवुड अंदाज को नए रंग में पेश करने की कोशिश करती है। फिल्म की कहानी बहुत नई नहीं है लेकिन इसकी सादगी, कलाकारों का अभिनय और हल्का-फुल्का मनोरंजन इसे एक अच्छी फैमिली एंटरटेनर बनाता है।

क्या है फिल्म 'दुल्हनिया ले आएगी' की कहानी?
फिल्म की कहानी नव्या (खुशाली कुमार) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी उम्र 32 साल हो चुकी है। परिवार की सबसे बड़ी चिंता उसकी शादी है। जब आखिरकार शादी की बात आगे बढ़ती है, तो परिस्थितियां अचानक बदल जाती हैं। एक नहीं बल्कि कई दूल्हे नव्या की जिंदगी में दस्तक देते हैं और यहीं से कहानी में हास्य, भ्रम और दिलचस्प मोड़ शुरू होते हैं।
पूरे घटनाक्रम के पीछे क्या राज छिपा है?
आखिर नव्या का जीवनसाथी कौन बनेगा और इस पूरे घटनाक्रम के पीछे क्या राज छिपा है, यही फिल्म का मुख्य आकर्षण है। निर्देशक इस रहस्य को अंत तक बनाए रखने में काफी हद तक सफल रहे हैं।
फिल्म की स्टारकास्ट और उनकी दमदार एक्टिंग
-फिल्म की सबसे बड़ी ताकत खुशाली कुमार हैं। उन्होंने नव्या के किरदार को पूरी ईमानदारी के साथ निभाया है। उनके अभिनय में सहजता है और भावनात्मक दृश्यों में वह प्रभाव छोड़ने में सफल रहती हैं। कॉमेडी और रोमांस, दोनों ही हिस्सों में उनकी पकड़ अच्छी दिखाई देती है।
-ये कहना गलत नहीं होगा कि फिल्म का भावनात्मक पक्ष काफी हद तक खुशाली कुमार के कंधों पर टिका है और वह इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाती हैं। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने जिन फिल्मों का चयन किया है, ये फिल्म उस सफर में एक और मजबूत पड़ाव साबित होती है।
-महेश मांजरेकर अपनी प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस से हर सीन को मजबूती देते हैं। पीयूष मिश्रा अपने चिर-परिचित अंदाज में किरदार में जान डालते हैं और उनके संवाद प्रभाव छोड़ते हैं। ओमकार कपूर अपनी भूमिका में सहज हैं जबकि स्नेहिल दीक्षित मेहरा भी अपने किरदार के साथ न्याय करती हैं। सहायक कलाकारों का प्रदर्शन फिल्म के पारिवारिक माहौल को विश्वसनीय बनाता है।
फिल्म का निर्देशन और टेकेनिकल प्वाइंट
-निर्देशन की बात करें तो फिल्म अपनी शैली से भटकती नहीं है। कहानी को अनावश्यक रूप से जटिल बनाने की कोशिश नहीं की गई है। फिल्म की गति पहले हाफ में अच्छी रहती है, हालांकि दूसरे हिस्से में कुछ सीन्स लंबे महसूस होते हैं। यदि संपादन थोड़ा और कसा होता, तो फिल्म का प्रभाव और बढ़ सकता था।
-तकनीकी पक्ष में सिनेमैटोग्राफी आकर्षक है। शादी और पारिवारिक समारोहों को रंगीन और जीवंत तरीके से फिल्माया गया है। म्यूजिक कहानी के साथ मेल खाता है और गाने फिल्म की गति को बाधित नहीं करते। बैकग्राउंड स्कोर भी भावनात्मक और हास्य दृश्यों को प्रभावी बनाने में सहयोग करता है।
क्या है फिल्म में कमी?
फिल्म की सबसे बड़ी कमजोरी इसकी अनुमानित पटकथा है। कई मोड़ पहले से समझ में आने लगते हैं और क्लाइमैक्स भी चौंकाने की बजाय संतोषजनक समाधान देता है। हालांकि फिल्म का उद्देश्य दर्शकों को रोमांचित करने से ज्यादा उनका मनोरंजन करना है और इस कसौटी पर यs खरी उतरती है।
फाइनल वर्डिक्ट
कुल मिलाकर 'दुल्हनिया ले आएगी' एक साफ-सुथरी, हल्की-फुल्की और पारिवारिक मनोरंजन से भरपूर फिल्म है। अगर आप ऐसी फिल्म देखना चाहते हैं जिसमें रिश्तों की गर्माहट, हल्का हास्य और भावनात्मक स्पर्श हो, तो ये फिल्म निराश नहीं करेगी। वहीं खुशाली कुमार अपने परिपक्व और प्रभावशाली अभिनय से फिल्म की सबसे बड़ी उपलब्धि बनकर उभरती हैं।


Click it and Unblock the Notifications
