Awarapan 2 Review: फिर लौटा शिवम पंडित और उसका 'आवारापन', इमरान हाशमी का जादू सिर चढ़कर बोला
फिल्म: आवारापन 2 (Awarapan 2)
स्टारकास्ट: इमरान हाशमी, दिशा पाटनी, शबाना आज़मी, पूरन गब्बी, सुविंदर विक्की और विजयंत कोहली
डायरेक्टर: नितिन कक्कड़
रनटाइम: 2 घंटे 33 मिनट
रेटिंग: 3 (***)
Awarapan 2 Review: किसी पुरानी फिल्म का सीक्वल बनाना आसान नहीं होता, खासकर तब जब पहली फिल्म ने सालों में एक कल्ट फैनबेस बना लिया हो। आवारापन 2 के सामने भी यही चुनौती थी लेकिन अच्छी बात ये है कि फिल्म सिर्फ पुराने गानों, किरदारों और यादों को भुनाने की कोशिश नहीं करती। ये शिवम पंडित की कहानी को एक नए इमोशनल संघर्ष के साथ आगे ले जाती है।

क्या है फिल्म 'आवारापन 2' की कहानी?
सबसे पहले एक जरूरी सलाह, अगर आपने आवारापन नहीं देखी है तो पहले उसे देख लीजिए। सीक्वल की कहानी सीधे पहले पार्ट के बाद से शुरू होती है और बीच-बीच में पिछली फिल्म की झलकियों के जरिए शिवम की कहानी को दोबारा जोड़ा जाता है। बेसिक प्लॉट समझ आ जाएगा लेकिन पहली फिल्म देखने के बाद इस कहानी का दर्द कहीं ज्यादा महसूस होगा।
मोहब्बत और इंसानियत आपका दिल छू लेगी
-शिवम अब पहले जैसा नहीं रहा लेकिन आलिया की याद और उसके लिए मोहब्बत आज भी उसके अंदर जिंदा है। एक दिन आलिया की कब्र पर पहुंचने के दौरान उसे एक नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनाई देती है। वह बच्ची को अनाथालय पहुंचाता है और उसका नाम आलिया रख देता है। धीरे-धीरे शिवम उस अनाथालय और उस बच्ची से जुड़ जाता है लेकिन जब एक कपल आलिया को गोद लेकर जाता है और बाद में शिवम को पता चलता है कि वह ह्यूमन ट्रैफिकिंग का शिकार हो चुकी है, तब कहानी एक बेहद निजी लड़ाई में बदल जाती है।
-यहीं फिल्म की असली ताकत सामने आती है। शिवम इस बार सिर्फ अपने अतीत से नहीं लड़ रहा बल्कि किसी ऐसे शख्स के लिए खड़ा है जो खुद अपनी लड़ाई लड़ने की स्थिति में नहीं है। प्यार इस कहानी की शुरुआत जरूर है लेकिन आखिर तक आते-आते इंसानियत इसका सबसे बड़ा संदेश बन जाती है।
तकनीकी रूप से मजबूत है फिल्म
-स्क्रीनप्ले खूबसूरती से भावनाओं को कहानी के साथ जोड़ता है। डायलॉग पहली फिल्म के मुकाबले ज्यादा गंभीर और विचारोत्तेजक हैं। कई जगह फिल्म आपको सिर्फ कहानी देखने के बजाय उसके बारे में सोचने पर मजबूर करती है। VFX का इस्तेमाल सीमित है लेकिन जरूरत के मुताबिक प्रभावी है। एडिटिंग थोड़ी और टाइट होती तो फिल्म की रफ्तार बेहतर हो सकती थी।
-नितिन कक्कड़ का निर्देशन फिल्म की भावनात्मक दुनिया को संभालकर रखता है। संगीत भी फिल्म के मूड के साथ शानदार तरीके से जुड़ता है। फिल्म के गाने, कहानी को रोकते नहीं बल्कि उसके इमोशन को आगे बढ़ाते हैं।
फिल्म की स्टारकास्ट और उनकी एक्टिंग
-इमरान हाशमी, शिवम पंडित के रूप में फिल्म की जान हैं। लंबे बाल, दमदार फिजीक और सबसे बढ़कर उनकी आंखों में दिखता दर्द, इमरान हर फ्रेम पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हैं। गुस्सा हो या खामोशी, वह किरदार को पूरी तरह जीते नजर आते हैं।
-शबाना आजमी कम स्क्रीन टाइम में भी असर छोड़ती हैं। पूरन गब्बी अपनी बॉडी लैंग्वेज और नियंत्रित अभिनय से मजबूत प्रभाव डालते हैं। दिशा पाटनी भी सिर्फ ग्लैमर तक सीमित नहीं रहतीं और अपने अभिनय से प्रभावित करती हैं। सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली और बाकी कलाकार भी अच्छा साथ देते हैं।
फाइनल वर्डिक्ट
कुल मिलाकर 'आवारापन 2' परफेक्ट फिल्म नहीं है लेकिन इसमें दिल है। नॉस्टेल्जिया इसका बोनस है जबकि इमरान हाशमी, म्यूजिक और इमोशनल कहानी इसकी असली ताकत हैं। प्यार, करुणा और इंसानियत की बात करती ये फिल्म थिएटर में देखने लायक है।


Click it and Unblock the Notifications
