कौन हैं निष्ठा बोथरा? दो बार लहराया CA परीक्षा में परचम, दिलचस्प है पिता के सपने को सच करने वाली बेटी की कहानी
CA Topper Nishtha Bothra: चार्टर्ड अकाउंटेंसी की परीक्षा को देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिना जाता है, जहां हर एक नंबर हजारों उम्मीदवारों के सपनों को पीछे छोड़ देता है। ऐसे में कोई स्टूडेंट अगर लगातार दो बार टॉप रैंक हासिल करे, तो वह केवल एक उपलब्धि नहीं बल्कि मिसाल बन जाती है। राजस्थान के छोटे से गांव चप्पर में जन्मी और गुवाहाटी में पली-बढ़ी 24 साल की निष्ठा बोथरा ने यही कर दिखाया है।
निष्ठा ने पहले CA इंटरमीडिएट मई 2022 में ऑल इंडिया रैंक 2 हासिल की थी और अब मई 2025 के फाइनल एग्जाम में भी AIR 2 हासिल करके सभी का दिल जीत लिया है। निष्ठा की यह कहानी सिर्फ एक टॉपर की नहीं, बल्कि उस सपने की है जो पिता ने देखा और बेटी ने पूरा किया। EY और HUL जैसी बड़ी कंपनियों में ट्रेनिंग लेकर उन्होंने रियल वर्ल्ड एक्सपीरियंस भी हासिल किया, जो उन्हें आज की नई पीढ़ी के लिए एक आइकन बनाता है।

शुरुआत से रही पढ़ाई में अव्वल
निष्ठा ने शुरू से ही पढ़ाई को गंभीरता से लिया। साल 2017 में 10वीं की परीक्षा में उन्होंने 10 CGPA हासिल किया और 2019 में 12वीं में 96.75% नंबर पाए। इसके बाद उन्होंने कोलकाता के सेंट जेवियर्स कॉलेज से BCom (Hons.) किया। यहीं से उन्होंने CA की तरफ कदम बढ़ाया।
ये भी पढ़ें: DDU University में अन्य राज्यों के छात्र भी दिखा रहे दिलचस्पी, इतने राज्यों के छात्रों ने दी प्रवेश परीक्षा
पहले ही प्रयास में पास की CA फाउंडेशन
दिसंबर 2020 में, जब दुनिया कोरोना से जूझ रही थी, तब निष्ठा ने CA फाउंडेशन की परीक्षा दी और 400 में से 323 अंक (80.75%) हासिल किए। यह इस परीक्षा में एक बेहतरीन स्कोर माना जाता है। यहीं से उनके मजबूत सफर की शुरुआत हुई।
दोनों एग्जाम में AIR 2 बनना बड़ी बात
मई 2022 में CA इंटरमीडिएट की परीक्षा में निष्ठा ने 800 में से 658 अंक लाकर दूसरी रैंक हासिल की। फिर मई 2025 में CA फाइनल में भी उन्होंने वही रैंक दोहराई। इस बार उन्होंने 600 में से 503 अंक प्राप्त किए। CA जैसी कठिन परीक्षा में दो बार टॉप रैंक लाना किसी भी छात्र के लिए गर्व की बात है।
पिता का सपना अब बन चुका है उनकी हकीकत
निष्ठा बताती हैं कि उनके पिता भी CA बनना चाहते थे, लेकिन 2011 में उनका निधन हो गया। उन्होंने अपने इस मुकाम को पिता को समर्पित किया है। उनका मानना है कि आज वे अपने पिता का अधूरा सपना पूरा कर रही हैं।
रियल वर्ल्ड एक्सपीरियंस ने बढ़ाई समझ
सिर्फ किताबी ज्ञान ही नहीं, निष्ठा ने असल दुनिया में काम करने का भी अनुभव लिया। उन्होंने अर्न्स्ट एंड यंग (EY) जैसी बड़ी फर्म में आर्टिकलशिप की और क्लाइंट प्रोजेक्ट्स के साथ काम किया। इसके अलावा वे हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) में इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग भी कर चुकी हैं।
मई 2025 के टॉपर्स में निष्ठा का नाम शामिल
ICAI ने CA फाइनल मई 2025 के रिजल्ट में टॉपर्स की लिस्ट भी जारी की। इसमें मुंबई के राजन कबरा ने AIR 1 हासिल किया है। निष्ठा बोथरा AIR 2 पर रहीं और मनीष राकेश शाह ने AIR 3 पाई। निष्ठा के 503 अंक रहे, जो उनकी मेहनत और निरंतरता का प्रमाण है।
आने वाले छात्रों के लिए एक प्रेरणा
निष्ठा बोथरा उन छात्रों के लिए मिसाल बन चुकी हैं, जो CA बनने का सपना देखते हैं। उनकी कहानी दिखाती है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो, तो कोई भी कठिनाई बड़ी नहीं होती। लगातार पढ़ाई, प्रैक्टिकल नॉलेज और सही गाइडेंस से सफलता जरूर मिलती है।
ये भी पढ़ें: DDU University: नागालैंड, पश्चिम बंगाल सहित इन 8 राज्यों के छात्रों ने पहले दिन दी प्रवेश परीक्षा












Click it and Unblock the Notifications