अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद चर्चा में DM त्यागराजन-SSP कार्तिकेय शर्मा,मेडिकल-इंजीनियरिंग छोड़ कैसे IAS-IPS?
IAS Thiyagarajan SM and SSP Kartikeya Sharma: बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल मच गई है। मोकामा के बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी बहुचर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड से जुड़ी है, जिसने पूरे प्रदेश की राजनीति को हिला दिया था। अनंत सिंह इस बार के विधानसभा चुनाव में जेडीयू प्रत्याशी के रूप में मैदान में थे।
अनंत सिंह की गिरफ्तारी की जानकारी पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने दी। वहीं डीएम त्यागराजन एसएम ने कहा कि मोकामा की घटना को लेकर प्रशासन बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है और मामले की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होगी।

कौन हैं IAS त्यागराजन एसएम?
पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम 2011 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। मूल रूप से तमिलनाडु के कोयंबटूर के रहने वाले त्यागराजन एसएम ने 2008 में कोयंबटूर मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। डॉक्टर बनने के बाद भी उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का फैसला किया। पहले उन्होंने 2010 में आईपीएस परीक्षा पास की, लेकिन अगले ही साल यानी 2011 में आईएएस बन गए।
ये भी पढ़ें: Anant Singh: अनंत सिंह अब चुनाव लड़ेंगे या नहीं? गिरफ्तारी के बाद खुद उन्होंने अपने Facebook पोस्ट में बताया
त्यागराजन का प्रशासनिक करियर बिहार के पूर्णिया जिले से शुरू हुआ, जहां उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला। इसके बाद वे पटना सिटी के एसडीओ और बिहार शरीफ नगर निगम के आयुक्त रहे। वर्ष 2015 में उन्हें नालंदा के डीएम का दायित्व मिला। आगे चलकर उन्होंने 2019 में दरभंगा और 2021 के अंत में गया जिले के डीएम के रूप में कार्य किया। अपने शांत स्वभाव और सख्त प्रशासनिक छवि के लिए वे जाने जाते हैं। वर्तमान में वे पटना के डीएम हैं और उन्होंने मोकामा की घटना को लेकर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
कौन हैं एसएसपी कार्तिकेय शर्मा?
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा 2014 बैच के बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। उनका मूल निवास झारखंड में है। उन्होंने बीटेक की डिग्री के साथ पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन मैनेजमेंट भी किया है। वे जून 2025 में पटना के एसएसपी बने।
इससे पहले कार्तिकेय शर्मा पूर्णिया जिले में एसएसपी के रूप में कार्यरत थे, जहां उन्होंने कई गंभीर आपराधिक मामलों का सफल खुलासा किया। अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई के लिए वे जाने जाते हैं। पटना में पदस्थापना के बाद से उन्होंने शहर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए कई अभियान चलाए हैं।
प्रशासन की सख्त कार्रवाई
मोकामा की घटना के बाद पटना प्रशासन ने पूरे मामले की निगरानी तेज कर दी है। डीएम त्यागराजन और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा खुद स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि किसी भी राजनीतिक दबाव के बिना निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इस हत्याकांड और अनंत सिंह की गिरफ्तारी ने बिहार की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है। अब सभी की निगाहें आगे होने वाले चुनाव और इस मामले में आने वाले अगले कदम पर टिकी हैं।
ये भी पढ़ें: Anant Singh Arrest: दुलारचंद मर्डर से अनंत सिंह की गिरफ्तारी तक, 48 घंटों में क्या-क्या हुआ?









Click it and Unblock the Notifications