Horoscope Prediction:क्या राजनीति में उतरेंगे सौरव गांगुली? उनकी कुंडली देती है ये संकेत
Sourav Ganguly horoscope prediction about joining politics
- नाम : सौरव गांगुली
- जन्म तारीख : 8 जुलाई 1972
- जन्म समय : प्रातः 8.26 बजे
- जन्म स्थान : कोलकाता (पश्चिम बंगाल)
- लग्न : सिंह, स्वामी- सूर्य
- राशि : वृष, स्वामी- शुक्र

क्या राजनीति में आएंगे दादा?
देश-विदेश में मौजूद अपने करोड़ों फैन्स के बीच 'दादा' के नाम से चर्चित सौरव गांगुली इन दिनों खासे सुर्खियों में हैं। हाल में गांगुली को माइल्ड हार्ट अटैक पड़ा, जिससे वह जल्द ही उबर भी गए। साथ ही कुछ ही महीनों में पश्चिमबंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उनके राजनीति में आने की खासी चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले भी ऐसी ही चर्चाएं थीं। ऐसे में सबके मन में यही सवाल है कि क्या गांगुली राजनीति में कदम रखेंगे?

गांगुली की कुंडली में हैं ये शुभ योग
सौरव गांगुली की कुंडली सिंह लग्न की है। लग्नेश सूर्य एकादश भाव में मित्र राशि में विराजमान हैं। इसके साथ ही नवांश वर्ग में भी सूर्य एकादश भाव में उच्च के होकर बैठे हैं, जो उनके प्रभावशाली और संपन्न होने की ओर स्पष्ट संकेत करता है। एकादश भाव में स्थित सूर्य और पंचम भाव में स्वग्रही बृहस्पति एक दूसरे को पूर्ण दृष्टि दे रहे हैं, जो एक बेहतरीन राजलक्षण योग है। ऐसे जातक का संबंध कुलीन परिवार से होता है। दशम भाव में उच्च का चंद्रमा, दशमेश व तृतीयेश शुक्र और षष्ठेश व सप्तमेश शनि बैठे हैं। दशम भाव से तृतीयेश और षष्ठेश के संबंध ने उन्हें जुझारू बनाया, साथ ही खेलों भारी सफलता दिलाई। वहीं शनि की दशम भाव में स्थिति ने उन्हें जन-जन का प्रिय भी बना दिया। इसके अलावा 12वें भाव में योगकारक मंगल और बुध की युति भी अच्छा धन योग है। हालांकि मंगल नीच के हैं, जो विदेशी कोच और विदेशी खिलाड़ियों के साथ टकरावपूर्ण संबंधों की ओर संकेत करते हैं।

क्या राजनीति में होगी एंट्री?
राजनीति के लिए कुंडली में राहु, शनि, सूर्य और चंद्र की स्थिति अहम मानी जाती है। गांगुली की कुंडली में राहु छठे भाव में है, जो अच्छी स्थिति है। शनि दशम भाव में हैं, सूर्य एकादश भाव में हैं और चंद्रमा उच्च के हैं। कुल मिलाकर राजनीति के लिए अच्छी स्थिति है, हालांकि कुंडली के योगकारक ग्रह मंगल नीच के होकर द्वादश भाव में हैं। इसके अलावा सूर्य अच्छी स्थिति में होने के बावजूद पाप ग्रहों के मध्य बैठे हैं।
शनि की ही अंतर्दशा चल रही है
वर्तमान में शनि की महादशा में शनि की ही अंतर्दशा चल रही है, जो 27 नवंबर, 2021 तक चलेगी। यह अवधि उनके प्रशासनिक करियर के लिए अच्छी रहेगी। हालांकि, इस अवधि में राजनीति में उतरने का फैसला करना उनके लिए आसान नहीं होगा। ऐसे संकेत मिलते हैं कि राजनीति में उतरने की चर्चाओं के बावजूद गांगुली इसको लेकर असमंजस में फंसे रहेंगे और 2021 में उनका राजनीति में कदम रखना मुश्किल है लेकिन करियर में उन्हें अपने राजनीतिक संबंधों के फायदे मिलते रहेंगे, यानी वह आगे भी ऊंचे पदों पर बने रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications