Shukra Gochar 2024: शुक्र ने किया कन्या में प्रवेश, जानिए क्या होगा आप पर असर
Shukra Gochar 2024: प्रेम, दांपत्य जीवन, सौंदर्य, आकर्षण, धन और भौतिक सुखों के प्रतिनिधि ग्रह शुक्र ने 25 अगस्त को अपनी नीच राशि कन्या में प्रवेश किया है।
वैसे तो कन्या शुक्र की नीच राशि है किंतु बुध मित्र ग्रह होने के कारण इस गोचर का प्रभाव कई राशियों पर शुभ होने वाला है। शुक्र 18 सितंबर तक कन्या राशि में रहेगा।

शुक्र के कन्या में जाने से यह केतु के साथ युति बना रहा है। क्योंकि केतु भी वर्तमान में कन्या राशि में चल रहा है। इसके साथ ही इस पर राहु की दृष्टि भी रहेगी। इस कारण शुक्र के शुभ प्रभाव में कुछ कमी आएगी किंतु बृहस्पति की दृष्टि में होने के कारण शुक्र अपना असर दिखाने में पीछे नहीं रहेगा। इस तरह देखा जाए तो शुक्र सभी राशि में मिलाजुला असर देने वाला है।
आइए जानते हैं विभिन्न राशियों पर असर
- मेष : आपके लिए शुक्र का गोचर छठे भाव में होने जा रहा है। यह स्वयं के स्वास्थ्य को तो प्रभावित करेगा ही जीवनसाथी का स्वास्थ्य भी बिगाड़ सकता है। आय के साधन प्रभावित हो सकते हैं। खर्च की अधिकता रहेगी। लोगों के साथ अपना व्यवहार संतुलित रखें।
- वृषभ : आपके लिए शुक्र का गोचर पंचम भाव में रहेगा। आपकी निर्णय क्षमता मजबूत होगी। धन आने के मार्ग सुगम होंगे। प्रेम संबंध मजबूत होंगे। दांपत्य जीवन में सुधार आएगा। स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता रहेगी। शिक्षा में बाधा आ सकती है।
- मिथुन : चतुर्थ भाव में शुक्र का गोचर होने से यह समय आपके लिए लाभदायक रहने वाला है। आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। अनेक माध्यमों से पैसा आएगा। वाहन एवं स्वयं के गृह निर्माण की योजना बनेगी। पद प्रतिष्ठा में वृद्धि होने वाली है।
- कर्क : तीसरे भाव में शुक्र का गोचर पारिवारिक संपत्ति दिलाने में मदद करेगा। भाई-बहनों से संबंध सुधरेंगे। पराक्रम में वृद्धि होगी। कार्यों में कुछ बाधा भी आ सकती है और आपके द्वारा लिए गए कुछ निर्णय गलत भी साबित हो सकते हैं।
- सिंह : द्वितीय भाव में कन्या राशि में शुक्र का गोचर धन और वाणी के प्रभाव बढ़ाएगा। आपके सोचे हुए सारे काम इस दौरान हो जाएंगे। आपकी बातों को महत्व मिलेगा। धन आएगा किंतु खर्च भी अधिक होगा। पारिवारिक संबंधों में सुधार लाने का प्रयास करें।
- कन्या : इसी राशि में शुक्र के आने से आपको आर्थिक संपन्नता प्राप्त हो सकती है। अटका हुआ पैसा मिल जाएगा। स्वास्थ्य में सुधार आएगा। भौतिक सुखों की प्राप्ति होगी। संतान की ओर से उत्साहवर्धक समाचार मिलेगा। संपत्ति सुख मिलेगा।
- तुला : द्वादश में शुक्र का आना खर्च बढ़ाएगा। आपके काम अटकेंगे। दांपत्य जीवन प्रभावित हो सकता है किंतु प्रेम संबंध मजबूत होंगे। अचानक धन लाभ की स्थिति बन सकती है। पुराने रोगों से मुक्ति मिल सकती है। मानसिक शांति भंग हो सकती है।
- वृश्चिक : लाभ भाव में शुक्र का होना अत्यंत श्रेष्ठ रहेगा। भूमि, भवन, वाहन सुख में वृद्धि होगी। व्यापार में लाभ, उन्नति। जीवनसाथी से संबंध सुधरेंगे तथा उनकी ओर से धन प्राप्ति संभव है। प्रेम संबंधों में हावी होने का प्रयास न करें वरना रिश्ता प्रभावित होगा।
- धनु : दशम में शुक्र का आना मेहनत के अनुरूप परिणाम नहीं देगा। प्रत्येक क्षेत्र में कठिन परिश्रम करना पड़ेगा। स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। आर्थिक लाभ होगा किंतु खर्च भी होगा। हालांकि सामाजिक प्रतिष्ठा मिलेगी। शत्रुओं को परास्त करने में सफल होंगे।
- मकर : आपके लिए शुक्र का गोचर भाग्य भाव में होने जा रहा है। परिणामस्वरूप भाग्य मजबूत होने वाला है। पुराने समय में आपने जो मेहनत की है उसका शुभ परिणाम मिलने वाला है। दांपत्य और प्रेम संबंध मजबूत होंगे। धन लाभ होने से स्थिति में सुधार आएगा।
- कुंभ : अष्टम में शुक्र का आना मिलाजुला परिणाम देगा। स्वयं और जीवनसाथी का स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। धन की तंगी महसूस होगी। जमा पूंजी भी खर्च करनी पड़ सकती है। प्रेम संबंध टूट सकते हैं। दांपत्य जीवन में टकराव पैदा होगा।
- मीन : सप्तम में शुक्र का आना लाभदायक है। दांपत्य जीवन और प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी। प्रेमी-प्रेमिका से मिलने का योग बन सकता है। आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। साझेदारी में नए कार्य प्रारंभ कर सकते हैं। आय के साधनों में वृद्धि होगी।












Click it and Unblock the Notifications