गौर से देखिए... क्या आपके नाखूनों पर भी है ऐसा निशान
नई दिल्ली। सामुद्रिक शास्त्र को वैदिक ज्योतिष के बाद भविष्य कथन का सबसे बड़ा साधन माना जाता है। इसमें शरीर के विभिन्न् अंगों पर मौजूद चिन्हों, उनका आकार-प्रकार, उनका रंग आदि देखकर भविष्य में होने वाली घटनाओं का अंदाजा लगाया जाता है। यह काफी हद तक सटीक होता है, बशर्ते उनका विश्लेषण करने वाला व्यक्ति सही तरीके से पूरी सावधानी के साथ विश्लेषण करे।
आज हम बात करते हैं नाखूनों की....

प्रत्येक व्यक्ति के नाखूनों की बनावट अलग-अलग होती है
प्रत्येक व्यक्ति के नाखूनों की बनावट अलग-अलग होती है। किसी के नाखून लंबे तो किसी के चपटे और चौड़े होते हैं। नाखूनों का रंग भी अलग-अलग होता है। कई बार हम देखते हैं किसी के नाखून लालिमा लिए होते हैं तो किसी के नाखून पीले होते हैं। किसी के पूरी तरह सफेद नजर आते हैं। कई लोगों के हाथ के नाखूनों पर सफेद रंग के कुछ निशान भी होते हैं। ये बिंदु या जाल जैसा कुछ हो सकता है। इनकी सहायता से किसी व्यक्ति के स्वभाव, चरित्र आदि के बारे में आसानी से जानकारी हासिल की जा सकती है।

नाखूनों पर मौजूद सफेद निशान सौभाग्यशाली की निशानी
सबसे पहले तो आप ये बात जान लें कि नाखूनों पर मौजूद ये सफेद निशान सौभाग्यशाली होने की निशानी होते हैं। नाखूनों की जड़ में सफेद रंग का अर्धचंद्र जैसा आकार बनता है, सामुद्रिक शास्त्र में यह शुभ माना गया है। अलग-अलग अंगुलियों के नाखूनों पर बने इन चिन्हों का अलग-अलग अर्थ निकलता है। नाखूनों पर सफेद निशान जहां सौभाग्य के सूचक हैं, वहीं काले निशान होना दुर्भाग्य की निशानी है। यह आर्थिक हानि और पद-प्रतिष्ठा में कमी आने का संकेत है।

तर्जनी अंगुली
तर्जनी अंगुली के नाखून पर सफेद निशान दिखाई देने का अर्थ है कि आपके जीवन में कोई नया दोस्त या नया साथी आने वाला है। यह नए प्रेम संबंध प्राप्त करने का भी संकेत है। चूंकि तर्जनी अंगुली के नीचे गुरु पर्वत होता है, इसलिए यह प्रतिष्ठा दिलवाने में सहायक होता है।

मध्यमा अंगुली
अगर सफेद निशान मध्यमा अंगुली के नाखून पर नजर आने लगा है तो हो सकता है गुपचुप तरीके से कोई आपसे दुश्मनी मोल लेने वाला है। यह गुप्त शत्रुओं के सक्रिय होने का संकेत है। यदि ऐसा है तो आप सावधान हो जाएं, सतर्क रहें ताकि खुद का बचाव कर सकें।

जानिए सफेद निशान का मतलब
- अनामिका अंगुली : अनामिका अंगुली के नाखून पर अगर सफेद निशान है तो यह किस्मत चमकाने वाला साबित हो सकता है। या तो आपके जीवन में कोई नया प्यार आने वाला है या फिर धन की बरसात होने वाली है। यह पद और प्रतिष्ठा दिलाने का भी संकेत करता है। कोई बड़ा सम्मान आपको मिल सकता है।
- कनिष्ठिका अंगुली : अगर सफेद निशान आपकी सबसे छोटी यानी कनिष्ठिका अंगुली के नाखून नजर आ रहा है तो यह खूब सारी यात्राओं की ओर इशारा करता है। आप घूमने-फिरने, मौज-मस्ती और पर्यटन पर निकल सकते हैं। यह विदेश यात्राओं का भी संकेत है और उनसे धन अर्जित करने के योग भी बनाता है।
- अंगूठे पर : यदि सफेद निशान आपके अंगूठे के नाखून पर है तो किसी प्रिय व्यक्ति से तोहफा मिल सकता है। यह आपकी तर्कशक्ति और मजबूत निर्णय क्षमता का भी परिचायक है।












Click it and Unblock the Notifications