Nav Samvatsar 2078: मूलांक 5 सर्वत्र सफलताएं अर्जित करेंगे
नई दिल्ली, 16 अप्रैल। हिंदू नव संवत्सर 2078 का प्रारंभ 13 अप्रैल 2021 मंगलवार को हो गया है। अंक ज्योतिष की दृष्टि से देखा जाए तो वर्ष का मूलांक 8 हुआ। इसके स्वामी शनिदेव हैं। अर्थात् यह संवत्सर न्यायप्रिय, सत्य के मार्ग पर चलने वालों के लिए शुभ होगा। वहीं बुरे कर्म करने वालों, अपराधी, दूसरों की संपत्ति-स्त्री पर बुरी नजर रखने वालों के लिए दंड प्रदायक रहेगा। ज्योतिषीय दृष्टि से शनि को ग्रहों में न्यायाधिपति कहा जाता है, इसलिए अपने-अपने अच्छे-बुरे कर्मो के लिहाज से जातक को उसका फल प्राप्त होगा। यह वर्ष महामारी, प्राकृतिक आपदा, प्रलय समान कष्ट जैसी घटनाओं के लिए जाना जाएगा।

मूलांक 5 : जिन लोगों को जन्म किसी भी माह की 5, 14, 23 तारीख को हुआ है उनका मूलांक 5 होता है। मूलांक 5 का स्वामी बुध है, जबकिसंवत्सर का मूलांक 8 है और इसका स्वामी शनि है। बुध और शनि का आपस में साम्य का रिश्ता है। अर्थात् ये दोनों ग्रह एक दूसरे को हानि भी नहीं पहुंचाते और लाभ भी नहीं देते। इसलिए नव संवत्सर 2078 मूलांक 5 के जातकों के लिए मिलाजुला रहेगा। 21 मई से 23 जून और 21 अगस्त से 23 सितंबर तक का समय विशेष शुभ रहने वाला है। इस समय आप बुध के पूर्ण प्रभाव में रहने के कारण सर्वत्र सफलताएं अर्जित करेंगे। लेकिन ध्यान रहे जल्दबाजी में कोई कार्य न करें।
करियर : बौद्धिक कार्य, लेखन, कंप्यूटर, फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े मूलांक 5 वाले जातकों के लिए पूरा साल लाभदायक रहेगा। यह साल व्यापारियों का रहेगा। कार्य विस्तार होगा। नए काम जुड़ेंगे। पुराने में बदलाव भी संभव है। नए स्टार्टअप शुरू करने के लिए वर्ष अच्छा है। खानपान से जुड़ा कोई काम करें लाभ होगा। प्रिंटिंग, स्टेशनरी जैसे वर्क से अच्छा लाभ कमाएंगे।
आर्थिक : पैसों का आगमन अनेक रास्तों से होगा। पुराना कर्ज चुकाने में सफल होंगे, लेकिन ध्यान रखें नया कर्ज न लें। आर्थिक मजबूती रहेगी लेकिन सही दिशा में निवेश करें। वर्ष के मध्य में किसी विशेष योजना में निवेश करने का अवसर आएगा लेकिन सोच-समझकर करें।
स्वास्थ्य : स्वास्थ्य पर थोड़ा प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। बीमारी पर खर्च भी होगा। मस्तिष्क और नेत्रों से जुड़ा कोई रोग हो सकता है। संयमित खानपान और समय पर नींद जरूर लें। रात्रि के समय यात्रा करने से बचें।
परिवार : अपनी वाणी के माध्यम से लोगों को अपना बना लेंगे। वाणी से जीत भी हो सकती है और हार भी, इसलिए जो भी बोलें सोच समझकर बोलें। अपने-परायों का ध्यान रखें। परिवार में मांगलिक प्रसंग आएंगे। विवाह योग्य युवक-युवतियों के विवाह की बात बनेगी।
उपाय : चांदी की अंगूठी या पेंडेंट में 8 कैरेट का फिरोजा पहनें।
नोट: मूलांक 6 वालों के बारे में जानने के लिए शनिवार का इंतजार कीजिए।












Click it and Unblock the Notifications