रजनीकांत वाला 'रोबोट' ना बन जाए AI? लिखने-पढ़ने के बाद अब दिमाग भी दौड़ाएगा Meta का नया मॉडल 'V-JEPA 2'
Meta V-JEPA 2 AI: तकनीक की दुनिया तेजी से बदल रही है, और अब एक नया कदम ऐसा आया है जो भविष्य की कल्पना को और भी करीब ले आया है। आपको रजनीकांत की वो फिल्म तो याद ही होगी, रोबोट। हां वही, चिट्टी वाली! जहां डॉ वसी के किरदार में रजनीकांत ने एक इंसान जैसा दिखने वाला रोबोट बनाया और धीरे-धीरे वो इंसान की तरह सोचने और महसूस करने लग गया।
हालांकि ये तो फिल्म की बात थी मगर जल्द ही ऐसा असल जिंदगी में हो जाये तो बड़ी बात नहीं है। हर क्षेत्र में AI ने अपनी पैठ तो बना ही ली है अब इसे इंसान की तरह सोचने के काबिल भी बनाया जा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook की पेरेंट कंपनी Meta ने एक ऐसा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल तैयार किया है, जो इंसान की तरह सोचने की कोशिश करता है।

इस मॉडल का नाम है V-JEPA 2। इसकी सबसे खास बात यह है कि यह किसी भी वीडियो को देखकर यह अनुमान लगा सकता है कि आगे क्या होने वाला है।अब AI सिर्फ आदेश मानने वाली टेक्नोलॉजी नहीं रहेगा। यह अब खुद से स्थिति को समझकर फैसला लेने वाला यानि एक 'सोचने वाला दिमाग' बनने की दिशा में आगे बढ़ चुका है।
Meta के मुताबिक, यह तकनीक भविष्य में रोबोटिक्स, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा जैसी कई बड़ी जरूरतों में मददगार साबित हो सकती है। Meta द्वारा तैयार किया गया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल 'V-JEPA 2' इंसानों की तरह सोचने और घटनाओं को समझने की कोशिश करता है।
वीडियो देखकर लगाता है अनुमान
V-JEPA 2 ऐसा मॉडल है जो वीडियो को देखकर यह समझ सकता है कि उसमें आगे क्या हो सकता है। जैसे अगर कोई इंसान गेंद उठाता है, तो यह मॉडल अनुमान लगा सकता है कि वह उसे फेंकने वाला है और गेंद कहां जा सकती है। यह किसी भी दृश्य को देखकर उसके अगले कदम की कल्पना करने में सक्षम है।
ये भी पढ़ें: टेक्स्ट, वॉयस और कोडिंग में माहिर, पर फोटो से नहीं है नाता! वो 10 AI टूल्स जो नहीं करते हैं इमेज जेनरेट
गतिविधि देखकर मकसद समझने की कोशिश
अभी तक के ज्यादातर AI मॉडल्स केवल डेटा या कंटेंट को तैयार करने तक सीमित रहते हैं। लेकिन V-JEPA 2 उससे आगे जाकर सोचने की कोशिश करता है। यह किसी भी गतिविधि को देखकर उसका मकसद समझने और उसके आधार पर निर्णय लेने की कोशिश करता है।
यान लेकुन ने निभाया बड़ा रोल
इस मॉडल को Meta के रिसर्च हेड यान लेकुन की देखरेख में तैयार किया गया है। यान लेकुन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में दुनिया के प्रमुख वैज्ञानिकों में गिने जाते हैं। उनका मानना है कि V-JEPA 2 जैसे मॉडल भविष्य में AI को और भी ज्यादा समझदार बना सकते हैं।
फिलहाल केवल रिसर्च के लिए उपलब्ध
V-JEPA 2 अभी आम लोगों के लिए नहीं आया है। यह फिलहाल एक रिसर्च प्रोजेक्ट है। भविष्य में इसका इस्तेमाल कई क्षेत्रों में हो सकता है-जैसे स्मार्ट रोबोट, हेल्थकेयर सिस्टम, सेफ्टी कैमरा विश्लेषण, एजुकेशन सेक्टर इत्यादि।
AI की दुनिया में बड़ा बदलाव
Meta का यह नया कदम इस बात का प्रमाण है कि AI सिर्फ इंसान की तरह दिखने या बोलने वाला नहीं, बल्कि इंसानों की तरह सोचने वाला भी बनता जा रहा है। आने वाले समय में ऐसे AI मॉडल हमारे रोजमर्रा के कामों में भी मददगार हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: AI Use: किसी भी AI प्लेटफॉर्म पर ये 5 चीजें कभी न करें शेयर, वरना पड़ जाएंगे लेने के देने!












Click it and Unblock the Notifications