Thalapathy Vijay Mother: कौन हैं विजय की मां शोभा चंद्रशेखर? बेटे को कैसे बनाया स्टार? ऐसे हुई बेटी की मौत
Thalapathy Vijay Mother: साउथ सुपरस्टार थलपति विजय ने तमिलनाडु की राजनीति में ऐसा कदम रखा है, जिसने पूरे राज्य की सियासत को हिला दिया है। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव 2026 में उनकी पार्टी Tamilaga Vettri Kazhagam (TVK) सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है और अब थलपति विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने की तैयारी तेज हो चुकी है।
थलपति विजय की मां शोभा चंद्रशेखर की क्यों हो रही चर्चा?
राजनीतिक जीत के बाद सिर्फ थलपति विजय ही नहीं बल्कि उनका परिवार भी सुर्खियों में आ गया है। खासतौर पर लोग उनकी मां शोभा चंद्रशेखर (Shoba Chandrasekhar) के बारे में जानने के लिए उत्सुक हैं, जिन्हें थलपति विजय की सफलता के पीछे सबसे मजबूत ताकत माना जाता है।

कौन हैं शोभा चंद्रशेखर?
शोभा चंद्रशेखर का जन्म साल 1948 में एक हिंदू परिवार में हुआ था। वह तमिल फिल्म इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम रही हैं। शोभा चंद्रशेखर सिर्फ एक सिंगर ही नहीं बल्कि राइटर, प्रोड्यूसर और डायरेक्टर के तौर पर भी अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। तमिल सिनेमा में उनका योगदान कई दशकों तक फैला हुआ है। उनकी बहुमुखी प्रतिभा और कला के प्रति समर्पण ने उन्हें इंडस्ट्री में खास मुकाम दिलाया।
संगीत से फिल्मों तक, हर क्षेत्र में बनाई पहचान
-आपको बता दें कि शोभा चंद्रशेखर एक प्रशिक्षित कर्नाटक संगीत गायिका हैं। उन्होंने कई तमिल फिल्मों में प्लेबैक सिंगिंग की है और अपने दौर में स्टेज परफॉर्मेंस के जरिए भी खूब पॉपुलैरिटी हासिल की है।
-दिलचस्प बात ये है कि शोभा चंद्रशेखर अपने बेटे थलपति विजय के साथ भी कई गाने गाए हैं। उनका शुरुआती चर्चित गीत महाराजा ओरु महारानी माना जाता है, जिसने उन्हें संगीत जगत में अलग पहचान दिलाई।
-सिर्फ गायन ही नहीं, शोभा चंद्रशेखर ने फिल्मों की कहानी लेखन और निर्माण में भी अहम योगदान दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शोभा चंद्रशेखर ने 50 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स के लिए लेखन किया और करीब 10 फिल्मों का निर्माण भी किया। इसके अलावा उन्होंने Nanbargal और Innisai Mazhai जैसी फिल्मों का निर्देशन भी किया है।
कलईमामणि सम्मान से हो चुकी हैं सम्मानित
तमिल कला और सिनेमा जगत में योगदान के लिए तमिलनाडु सरकार ने शोभा चंद्रशेखर को प्रतिष्ठित कलईमामणि सम्मान से भी नवाजा था। यो सम्मान राज्य के उन कलाकारों को दिया जाता है जिन्होंने कला और संस्कृति के क्षेत्र में अहम योगदान दिया हो।
परिवार पर टूटा था दुखों का पहाड़
-शोभा चंद्रशेखर और एस. ए. चंद्रशेखर की जिंदगी में एक ऐसा दौर भी आया था, जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया था। उनकी बेटी विद्या का महज दो साल की उम्र में निधन हो गया था।
-बताया जाता है कि थलपति विजय अपनी छोटी बहन के बेहद करीब थे और इस घटना का उनके व्यक्तित्व पर गहरा असर पड़ा था। उस कठिन दौर में भी मां शोभा ने खुद को संभाला था और बेटे की परवरिश पर पूरा ध्यान दिया था।
बेटे के करियर की सबसे बड़ी ताकत बनीं मां
-थलपति विजय के शुरुआती करियर को संवारने में उनकी मां और पिता दोनों की बड़ी भूमिका रही। शोभा ने बेटे की कई शुरुआती फिल्मों के निर्माण में सहयोग किया और कठिन समय में हमेशा उनके साथ खड़ी रहीं।
-कहा जाता है कि थलपति विजय की सादगी, शांत स्वभाव और अनुशासन के पीछे उनकी मां के दिए संस्कारों का बड़ा हाथ है। परिवार ने मिलकर विजय को सिर्फ एक सुपरस्टार ही नहीं बल्कि लोगों का नेता बनाने में भी अहम भूमिका निभाई है।
वायरल हुआ मां का पुराना वीडियो
-हाल ही में थलपति विजय की राजनीतिक जीत के बाद सोशल मीडिया पर शोभा चंद्रशेखर का एक पुराना वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वह बेटे के उज्ज्वल भविष्य और नेतृत्व से जुड़ा गीत गाती नजर आ रही हैं। फैंस इस वीडियो को विजय की मौजूदा सफलता से जोड़कर देख रहे हैं।
-आज जब थलपति विजय राजनीति और सिनेमा दोनों में नई ऊंचाइयों पर पहुंच चुके हैं, तब उनकी मां को उस मजबूत स्तंभ के रूप में देखा जा रहा है, जिन्होंने हर मुश्किल घड़ी में बेटे का साथ दिया और उसके सपनों को उड़ान दी।













Click it and Unblock the Notifications