Floriculture : 128 देशों तक बिखरती है हिंदुस्तानी माटी की खुशबू, अमेरिका में सबसे ज्यादा डिमांड
भारत की मिट्टी में उपजने और खिलने वाले फूल 128 देशों में एक्सपोर्ट किए जाते हैं। फ्लोरीकल्चर, यानी फूलों की खेती बदलती खेती-किसानी के दौर में मुनाफे का सौदा है। जानिए कौन सा देश कितना फूल खरीदता है।
नई दिल्ली, 17 मई : भारत में फ्लोरीकल्चर सेक्टर में अपार संभावनाएं हैं। इसका प्रमाण सरकार के अधीन आने वाली APEDA की रिपोर्ट हैं। भारत करोड़ों डॉलर के फूलों का एक्सपोर्ट कर रहा है। अमेरिका और नीदरलैंड में यहां के फूलों की भारी डिमांड है। ऐसे में जानना दिलचस्प है कि फ्लोरीकल्चर में भारत में किस तरह के अवसर मौजूद हैं। परंपरागत खेती कर रहे लोग फूलों की खेती से जुड़ रहे हैं। फसलों में बदलाव के साथ ही किसानों की आमदनी भी बढ़ रही है।

300 यूनिट एक्सपोर्ट ओरियंटेड
एपीडा के आंकड़ों के मुताबिक भारत ने 2018-19 में 19,726 मीट्रिक टन फूलों का निर्यात, 81.94 मिलियन यूएस डॉलर में, जबकि 2019-20 में 75.9 मिलियन अमेरिकी डॉलर मूल्य के 16949 मीट्रिक टन फूलों का निर्यात किया था। 2020-21 में 77.84 मिलियन अमेरिकी डॉलर के फूलों का एक्सपोर्ट हुआ था। एपीडा के मुताबिक भारत में 300 से अधिक यूनिट ऐसे हैं जो एक्सपोर्ट ओरियंटेड हैं। यानी इनका फोकस फूलों का निर्यात करने पर ही होता है।
इंडिया के फूल इंपोर्ट करने वाले टॉप 5 देश
गौरतलब है कि भारत में 50 फीसद से अधिक फ्लोरीकल्चर यूनिट्स कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में हैं। एपीडा के मुताबिक भारतीय फ्लोरीकल्चर उद्योग लगातार तरक्की कर रहा है। साल 2020-21 में भारत के लिए एक्सपोर्ट डेस्टिनेशन के मामले में अमेरिका के अलावा नीदरलैंड, यूनाइटेड किंगडम (यूके), जर्मनी और यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) भी टॉप फाइव में शामिल रहे।
- 2021 में मध्य प्रदेश फ्लोरीकल्चर प्रोडक्शन के पैमाने पर दूसरा सबसे बड़ा राज्य बना।
- अरोमेटिक एंड मेडिसिनल प्लांट की खेती के मामले में मध्य प्रदेश सबसे आगे रहा।
इन देशों में 1000 मीट्रिक टन से अधिक एक्सपोर्ट
अमेरिका सबसे अधिक 27.6 फीसद फूलों का आयात करता है। दूसरे नंबर पर नीदरलैंड 18.98 फीसद फूल खरीदता है। UAE और यूके में क्रमश: 5.98 और 5.75 परसेंट फूलों का निर्यात होता है। जर्मनी में भारत के कुल फ्लावर एक्सपोर्ट का 5.58 परसेंट खरीदा जाता है। फूलों की मात्रा खरीदने के मामले में सिंगापुर भी टॉप 5 देशों में शामिल होता है। यहां वित्त वर्ष 2020-21 में 1418.93 मीट्रिक टन भारतीय फूल खरीदे गए।

100 मीट्रिक टन से अधिक के खरीदार
भारत इन टॉप 5 फूल खरीदार देशों के अलावा कई और देशों में भी फूलों का निर्यात करता है। इनमें 17 देश ऐसे हैं जिन्होंने 2020-21 में 100 मीट्रिक टन से अधिक के इंडियन फ्लावर इंपोर्ट किए। इन देशों में जापान, कनाडा, इटली, मलेशिया, स्पेन, पोलैंड, फ्रांस, नेपाल और कतर जैसे देश शामिल हैं। बेल्जियम, कुवैत, ऑस्ट्रिया, ओमान, केन्या, सऊदी अरब, हंगरी और मालदीव में भी 100 मीट्रिक टन से अधिक के फूल खरीदे जाते हैं।
ये भी पढ़ें- Lavender Farming : 10 हजार प्रति किलो बिकता है ये तेल, किसानों के लिए शानदार विकल्प












Click it and Unblock the Notifications