Meta पर प्राइवेट WhatsApp मैसेज चोरी करने का आरोप, कोर्ट में सनसनीखेज खुलासा, कंपनी ने क्या कहा?
Whatsapp Privacy: मेटा की प्राइवेसी को लेकर अमेरिका की एक अदालत में चल रहे इस मुकदमे ने पूरी दुनिया में सनसनी मचा दी है। ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और मैक्सिको के वॉट्सऐप यूजर्स के एक ग्रुप ने सैन फ्रांसिस्को की अदालत में 51 पन्नों का एक हलफनामा दायर किया है, जिसमें दावा किया गया है कि वॉट्सऐप का 'एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन' फीचर महज एक दिखावा या ढोंग है।
मुकदमे के अनुसार, मेटा के पास एक ऐसा सीक्रेट सिस्टम मौजूद है जिससे कंपनी के कर्मचारी और इंजीनियर यूजर्स की पर्सनल चैट तक आसानी से पहुंच बना सकते हैं।

मुकदमे में 'प्राइवेसी' की पोल खोलने वाला दावा
इस मुकदमे में लगाए गए आरोप काफी गंभीर और चौंकाने वाले हैं। दावा किया गया है कि मेटा के किसी भी कर्मचारी को किसी यूजर की चैट देखने के लिए बस अपने इंजीनियरिंग विभाग को एक छोटा सा 'टास्क' भेजना होता है, जिसके बाद बिना किसी विशेष जांच-परख के उन्हें उस यूजर की चैट का एक्सेस दे दिया जाता है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि एक विशेष विजेट के जरिए कर्मचारी न केवल पुराने मैसेज देख सकते हैं, बल्कि वे रियल-टाइम में होने वाली बातचीत को भी पढ़ सकते हैं। सबसे ज्यादा डराने वाली बात यह कही गई है कि जिन मैसेज को यूजर्स अपनी तरफ से डिलीट कर देते हैं, मेटा के पास उन तक भी पहुंचने का रास्ता मौजूद रहता है।
मेटा का पलटवार और तकनीकी चुनौती
हालांकि, मेटा ने इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें 'हास्यास्पद और पूरी तरह गलत' करार दिया है। कंपनी का कहना है कि वॉट्सऐप का एन्क्रिप्शन तकनीकी रूप से इतना मजबूत है कि खुद मेटा भी उसे डिक्रिप्ट नहीं कर सकता क्योंकि इसकी चाबी (Encryption Keys) केवल यूजर के फोन में होती है।
दिलचस्प बात यह है कि इस पूरे मामले में फिलहाल कोई ठोस तकनीकी सबूत पेश नहीं किया गया है, लेकिन इसके बावजूद दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क (Elon Musk) ने इस पर तंज कसते हुए कह दिया है कि वॉट्सऐप अब सुरक्षित नहीं रहा और लोगों को विकल्प तलाशने चाहिए।
एलन मस्क की एंट्री और 'एक्स चैट' का प्रचार
जैसे ही यह मामला सुर्खियों में आया, एलन मस्क ने सोशल मीडिया पर इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। मस्क ने दावा किया कि वॉट्सऐप की सुरक्षा अब भरोसे के लायक नहीं रह गई है और यहां तक कि सिग्नल जैसे ऐप पर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने इस मौके का फायदा उठाते हुए यूजर्स को अपना नया प्लेटफॉर्म 'X Chat' इस्तेमाल करने की सलाह दी। मस्क के xAI ने हाल ही में प्राइवेसी को प्राथमिकता देने का दावा करते हुए X प्लेटफॉर्म पर इस नई मैसेजिंग सर्विस को लॉन्च किया है, जो एन्क्रिप्शन और बेहतर कंट्रोल का वादा करती है।
WhatsApp से जुड़े जरूरी सवाल
Q1. क्या मेटा या कोई और मेरा चैट पढ़ सकता है?
जवाब: नहीं। व्हाट्सएप 'एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन' का उपयोग करता है, जिससे मैसेज केवल भेजने और पाने वाला ही देख सकता है। व्हाट्सएप या मेटा भी इन्हें नहीं पढ़ सकते।
Q2. मुझे कैसे पता चलेगा कि कोई मेरे मैसेज पढ़ रहा है?
जवाब: व्हाट्सएप Settings >Linked Devices पर जाएं। अगर वहां कोई ऐसा डिवाइस दिखे जिसे आप नहीं पहचानते, तो उसे तुरंत हटा (Logout) दें।
Q3. व्हाट्सएप अकाउंट कैसे हैक होता है?
जवाब: हैकर्स दो तरह से ऐसा करते हैं: पहला, आपके OTP के जरिए अपने फोन में आपका अकाउंट रजिस्टर करके, और दूसरा, आपके फोन को चोरी-छिपे किसी कंप्यूटर (Linked Devices) से जोड़कर।
Q4. क्या कोई दूसरा अपने फोन पर मेरा व्हाट्सएप खोल सकता है?
जवाब: हां, अगर उसके पास आपका सिम या OTP हो। लेकिन जैसे ही आप अपने फोन पर दोबारा लॉगिन करेंगे, वह दूसरे के फोन से अपने आप लॉग-आउट हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications