'कंप्यूटर-किताब बिहार के स्कूल में सब', राहुल को महिला ने दिया जवाब, Video देख लोग बोले- 'प्रोपेगंडा चला नहीं'
Rahul Gandhi in Bihar: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को देखते हुए कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का शुक्रवार (06 जून) को गयाजी दौरा चर्चा में आ गया है -वजह है एक महिला का बेबाक जवाब, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। राहुल गांधी महिलाओं से संवाद करने पहुंचे थे, लेकिन बातचीत के दौरान उन्हें उस वक्त असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब एक महिला ने प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी धारणा को सीधा चुनौती दे दी।
महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने जब शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल किया, तो उम्मीद की जा रही थी कि महिलाएं मौजूदा नीतीश कुमार की सरकार की आलोचना करेंगी। लेकिन एक महिला ने कहा कि बिहार के सरकारी स्कूलों में अब कॉपी-किताब, यूनिफॉर्म से लेकर इंग्लिश मीडियम तक की सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई में सुधार आया है।

राहुल गांधी से महिला बोली- 'कंप्यूटर, किताब, साइकिल, बिहार के सरकारी स्कूल में सब है'
कांग्रेस ने अपने अधिकारिक यूट्यूब चैनल पर ''राहुल गांधी के महिला संवाद'' का लाइव वीडियो चलाया था। इस वीडियो में राहुल गांधी एक महिला से पूछते हैं...
राहुल- आपके बच्चे सरकारी स्कूल जाते या प्राइवेट?
महिला- सरकारी
राहुल- सरकारी स्कूल में पढ़ाई अच्छी होती है?
महिला- सरकारी में तो...पहले से तो बहुत बेहतर है...।
राहुल- क्या-क्या सीखते हैं उसमें?
महिला- कंप्यूटर भी है उनलोगों के लिए, उनको किताब भी मिलती है, साइकिल का भी पैसा भी मिलता
राहुल- हिंदी-अंग्रेजी, अंग्रीज सीखते हैं?
महिला- हां, अंग्रेजी भी सीखते हैं।
(नोट: महिला का ये संवाद नीचे दिए गए वीडियो में आप 18:31 से 19:34 के टाइम फ्रेम में देख सकते हैं।)
सोशल मीडिया पर क्या बोली पब्लिक?
महिला की इस प्रतिक्रिया से राहुल गांधी हैरान रह गए। वीडियो में देखा जा सकता है कि राहुल गांधी मुस्कुराते हैं, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ाते। सोशल मीडिया पर अब इस वीडियो को शेयर करते हुए लोग कह रहे हैं -"राहुल गांधी की बोलती बंद कर दी उस महिला ने!" कईयों ने लिखा है कि राहुल गांधी हर जगह प्रोपेगंडा चलाने जाते हैं, लेकिन इस बार उनका ये प्रोपेगंडा नहीं चला।
यह महिला संवाद राहुल गांधी के पांचवें बिहार दौरे का हिस्सा था। पिछले पांच महीनों में राहुल मार्च से लेकर जून तक लगातार बिहार में सक्रिय हैं, क्योंकि इस साल के सितंबर-अक्टूबर में राज्य में विधानसभा चुनाव संभावित हैं। कांग्रेस की नजर इस बार अपनी पिछली स्थिति सुधारने पर है। 2020 में कांग्रेस ने 70 सीटों पर चुनाव लड़कर सिर्फ 19 सीटें जीती थीं।
इस बार कांग्रेस ने महिलाओं को साधने के लिए 'माई बहिन मान योजना' के तहत हर महिला को ₹2500 महीना देने का वादा किया है। लेकिन इस वायरल वीडियो ने यह दिखा दिया कि मतदाता अब सिर्फ वादों पर नहीं, बल्कि जमीनी बदलावों पर बात करने लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications