Fake Milk Video: पानी में डाला सफेद लिक्विड और बन गया हूबहू दूध! वायरल वीडियो से हड़कंप, जांच की उठी मांग
Viral Video Fake Milk: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि पानी और किसी फिनायल जैसे दिखने वाले केमिकल को मिलाकर नकली दूध तैयार किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में खाने-पीने की चीजों में मिलावट को लेकर चिंता बढ़ गई है।
कई यूजर्स ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को टैग कर जांच और कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, कुछ लोगों ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि वीडियो में दिख रहा लिक्विड कोई औद्योगिक कूलेंट या कटिंग ऑयल भी हो सकता है। फिलहाल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

वीडियो में क्या दिखाया गया?
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति आधी बाल्टी पानी में सफेद रंग का एक लिक्विड डालता है, जिसके बाद पानी दूध जैसा सफेद दिखाई देने लगता है। वीडियो रिकॉर्ड करने वाला व्यक्ति दावा करता है कि इसी तरह नकली दूध तैयार किया जाता है और बाद में इसे मशीन में डालकर बेचा जाता है। वह यह भी कहता है कि जरूरत पड़ने पर एक-दो लीटर दूध भी उपलब्ध कराया जा सकता है। इसी दावे ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है।
ये भी पढे़ं: Mahua Moitra पर अंडों की बौछार? TMC सांसद का BJP पर जानलेवा हमले का आरोप, चीखते-चिल्लाते VIDEO वायरल
लोगों ने FSSAI से की जांच की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर चिंता जताई। लोगों ने FSSAI और संबंधित सरकारी एजेंसियों को टैग करते हुए मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। कुछ यूजर्स का कहना है कि अगर वीडियो सही है तो यह लोगों की सेहत से जुड़ा गंभीर मामला है। वहीं कई लोगों ने वीडियो की लोकेशन और पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की भी मांग उठाई।
कई यूजर्स ने दावे पर उठाए सवाल
जहां कुछ लोग वीडियो देखकर चिंतित हैं, वहीं कई यूजर्स ने इसके दावे पर संदेह भी जताया। उनका कहना है कि वीडियो में दिखाई देने वाला सफेद लिक्विड दूध बनाने वाला केमिकल नहीं, बल्कि मशीनों में इस्तेमाल होने वाला कटिंग ऑयल या कूलेंट हो सकता है। ऐसे पदार्थ पानी में मिलते ही दूध जैसा रंग बना देते हैं। इसलिए केवल वीडियो देखकर इसे नकली दूध बनाने का सबूत मानना सही नहीं होगा।
ये भी पढे़ं: 'कयामत करीब है, कब्र की तैयारी करो', 37 साल की मुस्लिम एक्ट्रेस का चौंकाने वाला सच, वायरल वीडियो ने मचाई सनसनी
वीडियो की नहीं हुई आधिकारिक पुष्टि
अब तक किसी सरकारी एजेंसी या जांच संस्था ने इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं की है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब और कहां रिकॉर्ड किया गया। ऐसे में वीडियो में किए गए दावों को फिलहाल सत्य नहीं माना जा सकता। विशेषज्ञ भी सलाह देते हैं कि सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी वीडियो पर तुरंत भरोसा करने के बजाय आधिकारिक जानकारी का इंतजार करना चाहिए। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।
बिना पुष्टि वाले वीडियो से रहें सावधान
सोशल मीडिया पर हर दिन कई वीडियो वायरल होते हैं, लेकिन सभी दावे सही नहीं होते। इसलिए किसी भी वीडियो को बिना जांच-परख के सच मानना या आगे साझा करना ठीक नहीं है। यदि किसी को खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका हो तो संबंधित विभाग को पूरी जानकारी और सबूत के साथ शिकायत करनी चाहिए। इससे जांच एजेंसियों को कार्रवाई करने में आसानी होगी और अफवाह फैलने से भी बचा जा सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications