235 करोड़ से यूपी के औद्योगिक क्षेत्रों की सूरत बदलने जा रही योगी सरकार, जानिए क्या मिलेंगी सुविधाएं
योगी सरकार उत्तर प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों की सूरत बदलने वाली है। सेफ सिटी की तर्ज पर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) सेफ इंडस्ट्रियल एरिया योजना पर काम कर रहा है। औद्योगिक क्षेत्रों को सीसी कैमरे से लैस किया जाएगा। स्ट्रीट व हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी।
पिंक टॉयलेट, फायर स्टेशन और पुलिस चौकी का भी निर्माण कराया जा रहा है। इससे यहां आने वाले लोग दिन-रात सुरक्षित महसूस करेंगे। इस योजना के तहत राज्य के 70 औद्योगिक क्षेत्रों का चयन किया गया है। इस पर कुल 235 करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी है।

कानपुर से लखनऊ के बीच उन्नाव में बन रही ट्रांसगंगा सिटी, मुरादाबाद, सिकंदराबाद परियोजनाओं में रोशनी जगमगाने लगी है। पुरानी हाईमास्ट लाइटों के स्थान पर नई सोलर आधारित हाईमास्ट लाइटें लगाई जा रही हैं। अलीगढ,अमेठी,प्रयागराज और अन्य शहरों में भी काम शुरू हो गया है।
औद्योगिक क्षेत्रों में 25 हजार स्ट्रीट लाइट और 480 हाईमास्ट लाइटें लगाई जा रही हैं। पिंक टॉयलेट, महिलाओं के लिए शयनगृह, पार्क, पुलिस चौकी और फायर स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है।
सीसी कैमरे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक से लैस होंगे, जिससे किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि होते ही पुलिस को अलर्ट मिल जाएगा। कई जगहों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम बनाए जा रहे हैं, ताकि कर्मचारियों और आसपास के लोगों को संदेश दिया जा सके।
कौशल विकास केंद्र भी खोले जायेंगे औद्योगिक क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुरूप कुशल श्रमिक आसानी से उपलब्ध हो सकें, इसके लिए कौशल विकास केंद्र खोले जायेंगे। जैसी मांग होगी, लोगों को वैसी ही ट्रेनिंग मिलेगी। प्रशिक्षण लेने वालों को रोजगार भी मिलेगा।
कई शहरों के औद्योगिक क्षेत्रों में क्रेच सेंटर बनाए जा रहे हैं, जहां महिला श्रमिकों के बच्चों की देखभाल की जाएगी। प्राधिकरण औद्योगिक क्षेत्रों में हेल्थ एटीएम भी लगा रहा है। लोग यहां विभिन्न स्वास्थ्य जांच भी करा सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications