Rajasthan: 'चिंतन, मंथन, मनन', कांग्रेस वर्किंग कमेटी की मीटिंग के बाद सीएम गहलोत ने कही बड़ी बात
Rajasthan: कांग्रेस वर्किंग कमेटी की हैदराबाद में चल रही मीटिंग रविवार यानी 17 सितंबर को खत्म हो गई। इस दौरान 14 सूत्रीय प्रस्ताव पास किया गया। इसमें भरोसा जताया गया है कि पार्टी साल के अंत में 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में बहुमत हासिल कर लेगी।

साल के अंत में राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मिजोरम और तेलंगाना में चुनाव होने हैं। प्रस्ताव में कहा गया है कि देश की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस आने वाले चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है। पार्टी कानून-व्यवस्था, स्वतंत्रता, सामाजिक-आर्थिक और समानता को लेकर जनता की उम्मीदों को पूरा करेगी।
'चिंतन, मंथन, मनन ...'
इस बारे में सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि - चिंतन, मंथन, मनन ! आज हैदराबाद में कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे, श्रीमती सोनिया गांधी व श्री राहुल गांधी सहित अन्य गणमान्यों के साथ विस्तारित कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में सम्मिलित हुए। यह बैठक जनहित हेतु आगामी रणनीति, संगठनात्मक मजबूती व अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रही।
खड़गे बोले- ये आराम से बैठने का वक्त नहीं
मीटिंग के दूसरे दिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस नेताओं को चुनाव के लिए तैयार रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा- ये आराम से बैठने का समय नहीं है। दिन-रात मेहनत करनी होगी। जहां हमारी राज्य सरकारें हैं, उनके अच्छे कामों को प्रचारित करना होगा। सोनिया गांधी ने कांग्रेस नेताओं को मीडिया से दूर रहने की सलाह दी है। उन्होंने पार्टी के लोगों से कोई भी ऐसी टिप्पणी करने से बचने को कहा है, जिससे कांग्रेस को नुकसान पहुंचे।












Click it and Unblock the Notifications