नशे के खिलाफ मान सरकार की जंग के बाद एक्शन में पंजाब पुलिस, पकड़े गए 6997 नशा तस्कर
चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने 5 जुलाई 2022 से अब तक 1097 बड़ी मछलियों समेत 6997 नशा-तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने 580 व्यापारिक मामलों समेत कुल 5346 एफआईआर दर्ज की हैं।आईजीपी हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि पुलिस टीमों ने राज्यभर के संवेदनशील स्थानों और नशा प्रभावित इलाकों में नाकाबंदी और तलाशी में 259.7 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।

इसके अलावा, पंजाब पुलिस की टीमों द्वारा गुजरात और महाराष्ट्र के बंदरगाहों से 147.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी, जिससे केवल चार महीनों में हेरोइन की कुल रिकवरी 406.5 किलोग्राम हो गई है। आईजीपी ने बताया कि हेरोइन की बड़ी खेप बरामद करने के अलावा पुलिस ने राज्यभर से 300 किलो अफीम, 197.2 किलो गांजा, 293 क्विंटल भुक्की और फार्मा ओपीयड्ज़ की 27.56 लाख गोलियां/कैप्सूल/टीके/शीशियां भी बरामद की हैं। पुलिस ने इन चार महीनों में गिरफ्तार किए नशा-तस्करों से 4.49 करोड़ रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की है।
4.5 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद
दो सप्ताह के दौरान हुई ड्रग रिकवरी के बारे में बताते हुए आइजीपी ने बताया कि पंजाब पुलिस ने पिछले दो हफ्तों में 54 व्यापारिक मामलों समेत 399 एफआइआर दर्ज करके 508 नशा-तस्करों/सप्लायरों को गिरफ़्तार किया है । उनके पास से 26.5 किलो हेरोइन, 17 किलो अफीम, 13.8 किलो गांजा, 19 क्विंटल भुक्की, फार्मा ओपीयड्ज़ की 1.20 लाख गोलियां/कैप्सूल/टीके/शीशियों के अलावा 4.5 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
दो हफ्तों में एनडीपीएस मामलों में 7 अन्य भगौड़े गिरफ्तार
उन्होंने कहा कि 5 जुलाई, 2022 को भगौड़ों को गिरफ़्तार करने के लिए शुरू की गई विशेष मुहिम के अंतर्गत पिछले दो हफ्तों में एनडीपीएस मामलों में 7 अन्य भगौड़े गिरफ्तार किए जाने के साथ गिरफ्तारियों की कुल संख्या 383 हो गई है। गौरतलब है कि डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने सभी सीपी/एसएसपी को सख्त हिदायतें दी थीं कि वह हरेक मामले खासतौर पर ड्रग रिकवरी से संबंधित मामलों में अगले-पिछले संबंधों की बारीकी से जांच करें, चाहे यह नशे की मामूली मात्रा की बरामदी ही हो।
नशा-तस्करों की जायदाद जब्त करने के भी निर्देश
बता दें, पंजाब को नशामुक्त राज्य बनाने के लिए सीएम भगवंत मान के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत पंजाब पुलिस द्वारा नशे को जड़ से खत्म करने के लिए व्यापक नशा विरोधी मुहिम चलाई जा रही है। डीजीपी द्वारा सभी सीपी व एसएसपी को नशा-तस्करों को काबू करने और अपने अधिकार क्षेत्रों में नशा-तस्करी वाले संवेदनशील स्थानों की पहचान करने के सख्त आदेश दिए गए हैं। पुलिस प्रमुखों को यह भी हिदायत दी गई है कि पकड़े गए सभी नशा-तस्करों की जायदाद जब्त की जाए।












Click it and Unblock the Notifications