पंजाब: 10वीं में 99.2% अंक लाने वाली बेटी का मंत्री हरभजन ईटीओ ने किया सम्मान
काउंसिल फॉर इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) 10वीं और 12वीं कक्षा के नतीजे घोषित कर दिए। जिसमें पंजाब की बेटी ने 99.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।

अमृतसर: जंडियाला गुरु के धीरेकोट गांव की 10वीं की छात्रा अर्पण कौर ने आईसीएसई के नतीजों में 99.2 फीसदी अंक हासिल किए हैं। इसी खुशी में कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने उसे 5100 रूपये का ईनाम देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हमारे क्षेत्र की बालिका ने शिक्षा में सर्वश्रेष्ठ रैंक प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि अर्पण कौर द्वारा आईआईटी में पढ़ने और देश की सेवा करने का जो जज्बा दिखाया गया है, वह कई बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का भी यह सपना है कि हमारे बच्चे देश में रहें और उच्च पद प्राप्त करें और यह सब ऐसे प्रतिभावान बच्चों के कारण संभव है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ऐसे बच्चों के साथ हर समय खड़ी है।
उन्होंने बच्ची और उसके माता-पिता को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। हरभजन सिंह ने कहा कि हमारे क्षेत्र के स्कूल भी इस तरह की शिक्षा देने के लिए बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने बच्चों का मार्गदर्शन किया।












Click it and Unblock the Notifications