दलित युवती के हत्यारोपितों को बचाने में लगी पुलिस: प्रियंका गांधी
लखनऊ, 21 फरवरी 2022: कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी रविवार रात अचानक शहर के कांशीराम कॉलोनी स्थित दलित युवती पूजा के घर पहुंचीं। यहां उसकी मां से मुलाकात की। करीब 40 मिनट तक वह पीड़ित परिवार के साथ रहीं। उन्होंने बंद कमरे में पीड़िता की मां से बात की। पीड़ित परिवार ने पूरे मामले से उन्हें अवगत कराया। पीड़ित परिवार को मदद का भरोसा दिलाया।

प्रियंका ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पुलिस युवती के हत्यारोपितों को बचाने में लगी है। पुलिस और अपराधी मिले रहते हैं। इसी के चलते महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। पुलिस की लापरवाही से आरोपितों पर शिकंजा नहीं कसा गया। अपराधी कहीं न कहीं सत्ता से जुड़ा होता है। उल्टे पीड़िता पर ही आरोप मढ़ा जाने लगता है। पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान प्रियंका ने कहा कि वह आरोपितों को सजा दिलाने के लिए लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। सही पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं तैयार की गई। पहले और दूसरे रिपोर्ट में भिन्नता है। इसमें प्रशासन की भूमिका संदिग्ध है।
उन्होंने सवाल किए कि आखिर पुलिस ने इतने बड़े मामले को गंभीरता से क्यों नहीं लिया। आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में अपराधियों पर लगाम नहीं है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले में गंभीरता से जांच की जाए। आरोपित को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। उन्होंने सवाल खड़ा किया कि आखिर दोषी अफसरों के खिलाफ अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई। पीड़िता की मां ने उन्हें बताया कि किस तरह से अफसरों ने गुंडों को पनाह दी थी। उसके बाद भी वे आज भी पद पर बने हैं।
बता दें कि दलित युवती पूजा को 8 दिसंबर को सपा के पूर्व मंत्री रहे फतेहबहादुर सिंह के बेटे रजोल सिंह ने साथियों संग मिलकर हत्या कर दी थी। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद भी पुलिस दो महीने तक युवती को बरामद नहीं कर सकी थी। 10 फरवरी को युवती का शव दिव्यानंद आश्रम के पीछे सेप्टिक टैंक में मिला था।
रेप पीड़िता की मां और कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मांगा वोट
कांग्रेस महासचिव रात करीब सवा आठ बजे रायबरेली होते हुए शहर के डीएसएन कॉलेज पहुंचीं। उन्होंने यहां बहुचर्चित रेपकांड की पीड़िता की मां और उन्नाव सदर से कांग्रेस प्रत्याशी आशा सिंह के समर्थन में डोर टू डोर प्रचार किया। इसके बाद वह आशा सिंह के साथ कार में सवार हो गई और डीएसएन कॉलेज रोड पर छोटा जुलूस निकाला। सदर प्रत्याशी और उनकी बेटी ने प्रियंका की कार के ऊपर बैठकर रोड शो शुरू किया। प्रियंका ने डोर टू डोर लोगों से सहयोग मांगा और सदर प्रत्याशी को जिताने की अपील की।












Click it and Unblock the Notifications