अधिकारी लोकहित में समर्पित होकर लोक सेवक के रूप में करें: CM मनोहर लाल
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि जन सेवा के लिए सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने व पराये के भेद से ऊपर उठकर समाज की भलाई के लिए कार्य करें। प्रदेश के साढ़े तीन लाख अधिकारियों व कर्मचारियों के मन में जनसेवा की भावना विकसित करने के लिए अब सामान्य कार्मिक प्रशिक्षण के साथ नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने यह बात बुधवार को गुरुग्राम के सेक्टर 44 स्थित अपैरल हाउस में हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा), गुरुग्राम द्वारा आयोजित नैतिकता शिविर को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए कही। इससे पहले उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

मनोहर लाल ने अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी लोकहित में समर्पित होकर लोक सेवक के रूप में करें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े एक संस्मरण का जिक्र करते हुए बताया कि वर्ष 2013 में प्रधानमंत्री बनने से पूर्व जब उनसे सबसे बड़ी चुनौती का सवाल पूछा गया तो उन्होंने जवाब दिया था कि राजनीति और उससे जुड़े लोगों की छवि को बदलने का लक्ष्य लेकर वह चलेंगे। प्रधानमंत्री बनने के उपरांत उन्होंने इस लक्ष्य को प्राप्त करके भी दिखाया। वर्तमान सरकार पर किसी प्रकार का दाग न होना इस बात का सबसे बड़ा उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य है कि सरकारी सेवा में आने के उपरांत लोक सेवक के मन में यह संस्कार होना चाहिए कि उन्हें समाज की सेवा की जिम्मेवारी मिली है। नैतिकता बताई तो जा सकती है लेकिन इसे समझाया नहीं जा सकता। यह तो ऐसा भाव है जिसे जीवन में लाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े आठ वर्ष के कार्यकाल में उन्हें इस बात का गर्व है कि समाज की सेवा के माध्यम से प्रदेश को आगे बढ़ाने का कार्य किया। इसी सोच पर आगे बढ़ते हुए छोटी-छोटी बातों का ध्यान कर हम अपने हरियाणा को अच्छा-दिव्य व गौरवशाली बनाने में सक्षम होंगे।












Click it and Unblock the Notifications