ओडिशा सरकार ने सभी विश्वविद्यालयों से मांगा मणिपुर के छात्रों का ब्यौरा, की जाएगी जरूरी मदद
ओडिशा सरकार ने गुरुवार को सभी सार्वजनिक और निजी विश्वविद्यालयों से संस्थानों में रजिस्ट्रर्ड मणिपुर के छात्रों का विवरण उपलब्ध कराने को कहा। मणिपुर की राज्यपाल और मुख्य सचिव ने अपने छात्रों को बिना किसी कठिनाई के शिक्षा जारी रखने या यहां प्रवेश लेने में मदद करने की अपील की थी।
गुरुवार को सभी विश्वविद्यालयों को राज्य सरकार ने पत्र लिखा। साथ ही मणिपुर के छात्रों पर रिपोर्ट मांगी, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान किया जा सके। इसके अलावा सरकार ने विश्वविद्यालयों से मणिपुर के छात्रों की सर्वोत्तम संभव तरीके से मदद करने को कहा।

16 जून को ओडिशा के राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल को लिखे पत्र में मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके ने कहा कि 3 मई से कुकी और मैतेई समुदायों के बीच झड़पों के कारण राज्य के कई हिस्सों में कर्फ्यू लगा दिया गया है और इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।
उन्होंने आगे लिखा कि आपके राज्य के विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले हमारे कई छात्र अपने अध्ययन से संबंधित खर्चों के साथ-साथ अपनी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अनकही कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
ये कहते हुए कि इन अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण छात्रों की शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए। उइके ने लाल से यह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया कि मणिपुर के छात्रों को ओडिशा में अपनी शैक्षणिक गतिविधियों में किसी कठिनाई का सामना ना करना पड़े।
इसी तरह मणिपुर के मुख्य सचिव विनीत जोशी ने 1 जून को उच्च शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव अरविंद अग्रवाल को लिखे पत्र में यह भी लिखा था कि मणिपुरी छात्र ओडिशा में उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में उनकी समस्या का समाधान किया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications