Nikshay Sambal Yojana : राजस्थान सरकार टीबी मरीजों को निशुल्क मुहैया करवा रही प्रोटीन युक्त भोजन
उदयपुर, 18 जून। राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार तरफ से मेडिकल क्षेत्र में कई सुविधाएं निशुल्क कर दी गई हैं, जिनमें ऑपरेशन से लेकर दवाइयां शामिल हैं. टीबी के मरीजों के लिए चिकित्सा विभाग ने बेहतर निर्णय लिया है. निर्णय यह है कि अब टीबी के मरीजों को निशुल्क प्रोटीन युक्त खाद्य सामग्री वितरित की जाएगी. अभी सरकार से जो प्रतिमाह राशि मिलती है वह कम पड़ रही है, इसी कारण यह योजना निकाली गई है. फिलहाल उदयपुर में इसे शुरू किया गया है.

दरअसल, राजस्थान में निक्षय संबल योजना (Nikshay Sambal Yojana) के तहत टीबी रोगियों को पोषण युक्त खाना दिया जाता है. इसमें सरकार की तरफ से 5000 रुपये दिए जाते हैं लेकिन इसमें प्रोटीन युक्त खाना उपलब्ध नहीं हो पाता है. उदयपुर सीएमएचओ डॉक्टर दिनेश खराड़ी ने बताया कि उदयपुर में पहल की है क्योंकि यह जनजातीय क्षेत्र है और अधिकतर मरीज आर्थिक रूप से कमजोर हैं. उदयपुर में हर साल करीब 6,000 टीबी के मरीज आते हैं. उन्होंने बताया कि प्रोटीनयुक्त खाद्य सामग्री देने के लिए दानदाताओं को जोड़ा गया है और इसकी शुरुआत भी हो चुकी है.
मुफ्त प्रोटीन युक्त सामग्री में मिलेंगी ये चीजें
दानदाताओं के सहयोग से हर मरीजों को माह पोषाहार में तीन किलो गेहूं, चावल, बाजरा, तीन किलो मूंगफली, दाल और एक किलो खाद्य तेल उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने आगे बताया कि जिले के सहकारी, कॉरपोरेट, निर्वाचित प्रतिनिधि, संस्थान, एनजीओ, राजनीतिक दल सहित आमजन भी स्वेच्छा से दानदाता के रूप में जिले को टीबी मुक्त बनाने की मुहिम में न्यूनतम एक वर्ष के लिए सहयोग प्रदान कर सकते हैं.
जिला क्षय रोग अधिकारी ने कही यह बात
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अंशुल ने बताया कि टीबी की बीमारी में दवाइयों के साथ-साथ प्रोटीन युक्त पोषक आहार लेना भी बहुत जरूरी है. प्रोटीनयुक्त आहार मिलने से रोगी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रक्रिया में इजाफा होता है. इस योजना को 2025 तक टीबी मुक्त भारत की प्रतिबद्धता को पूरा करने के लिए शुरू किया गया है.












Click it and Unblock the Notifications