कालिंद्री मेले के शुभारंभ पर डबरा पहुंचे सिंधिया, बोले- 'सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा'
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कहा कि भारत देश तेजी से विकास करते हुए विश्व पटल पर अपनी एक अलग पहचान बना रहा है।

Jyotiraditya Scindia: प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह हो या केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जन-जन का विकास व्यक्तिगत योजनाएं, हर क्षेत्र के लिए योजनाएं हमारा मकसद एक ही है, अंत्योदय का मकसद है। आखिरी व्यक्ति का उत्थान और विकास जब तक नहीं होगा। तब तक भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता समर्पित भाव के साथ कार्य करेगा। यह बात केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार की देर शाम डबरा के पिछोर स्थित 46 में कालिंद्री मेले के शुभारंभ अवसर पर कही।
उन्होंने कहा कि भारत देश तेजी से विकास करते हुए विश्व पटल पर अपनी एक अलग पहचान बना रहा है। देश ने सभी क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल कर विश्व मानचित्र पर अपना एक अलग स्थान बना लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने सबसे पहले गुरु कनहर दास की प्रतिमा के दर्शन आशीर्वाद लिया, तो बाद में मंच पर पहुंचकर फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया।
घर-घर पहुंचकर दे रहे लाभ
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि पिछोर में प्रति वर्ष आयोजित होने वाला कालिंद्री मेला ऐतिहासिक है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले इस मेले में पिछोर सहित आसपास के कई गांवों के लोग आकर मेले का आनंद उठाते हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में विकास के नए आयाम स्थान किए गए हैं। आम जनों के जीवन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। विकास यात्राओं के माध्यम से लोगों के बीच पहुंचकर सरकार विभिन्न योजनाओं का लाभ भी पात्र हितग्राहियों को उनके घर पर पहुंचकर उपलब्ध करा रही है।
योजनाओं से जरूरतमंदों को बड़ी राहत
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने मध्यप्रदेश में वर्ष 2003 के बाद हुए ऐतिहासिक विकास का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में सिंचाई का रकबा बढ़कर कई गुना हो गया है। उन्होंने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी और संबल योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिली है।
इमरती देवी ने भी लोगों को किया संबोधित
कार्यक्रम में उपस्थित लघु उद्योग निगम की अध्यक्ष इमरती देवी ने कहा कि केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार के माध्यम से डबरा क्षेत्र में विकास के अनेक कार्य किए गए हैं। सिंचाई का क्षेत्र हो या अधोसंरचना का विकास दोनों ही क्षेत्रों में कार्य किए गए हैं। डबरा में अस्पताल बनकर तैयार है। उन्होंने कहा कि हमने अपने क्षेत्र के लिए जब भी कुछ मांगा तो केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने हमें उपलब्ध कराया है। क्षेत्र के विकास में उनका सहयोग हमेशा हमें मिलता रहेगा।
इतनी लागत के हुए लोकार्पण और भूमि पूजन
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 4 करोड़ 62 लाख रूपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 31 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से किए जाने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने इस मौके पर हितलाभों का वितरण भी किया। उन्होंने राजस्व, लाड़ली लक्ष्मी योजना, समूह योजना के हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण भी किया।
विकास पुस्तिका का विमोचन
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने डबरा विकासखंड में किए जा रहे विकास कार्यों पर केंद्रित विकास पुस्तिका का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में प्रदेश की लघु उद्योग निगम की अध्यक्ष इमरती देवी, भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण कौशल शर्मा, नगर परिषद पिछोर के अध्यक्ष रामजानकी राजेश पण्डा, कालिंद्री महोत्सव मेला अध्यक्ष भगवान सिंह सेंगर, महेंद्र प्रताप सिंह, मनीष राजे, राजू खटीक, मुकेश परिहार, डबरा नपा उपाध्यक्ष सत्येंद्र दुबे, पार्षद जयेंद्र गुर्जर, धर्मेंद्र सिंह हैप्पी, विक्रम वीर दुबे, पिछोर उपाध्यक्ष इरफान खान सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


Click it and Unblock the Notifications
