अलीराजपुर में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने की बड़ी घोषणाएं, कहा- हर परिवार के एक व्यक्ति को दिया जाएगा रोजगार
Shivraj Singh Chouhan: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में अब बहुत ही कम वक्त बचा है। भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी करनी शुरू कर दी है और प्रचार-प्रसार में जुट गई है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अलीराजपुर पहुंचे और कई बड़ी घोषणाएं की।
अलीराजपुर में 905.46 करोड़ रुपए की माइक्रो उद्धवहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जितनी कठिनाई जिंदगी में होगी मैं सब दूर करूंगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर परिवार के एक व्यक्ति को रोजगार दिया जाएगा, ताकि युवाओं को पलायन न करना पड़े।

चाहे स्व-सहायता समूहों के माध्यम से, उदयम क्रांति योजना या सरकारी नौकरियों के माध्यम से हो। हर परिवार के एक व्यक्ति को रोजगार दिया जायेगा। इस दौरान सीएम चौहान ने घोषणा करते हुए कहा कि अलीराजपुर में कृषि महाविद्यालय खोला जाएगा। जिले के सभी गांवों और खेतों में सिंचाई का पानी पहुंचाया जाएगा।
अलीराजपुर में बायपास रोड बनाया जाएगा। बिजली का सब स्टेशन भी बनवाएंगे। सीएम चौहान ने कहा कि नर्मदा मैया का पानी खेतों में लेकर आया हूं। पानी आने से खेतों में फसलें लहलहाएंगी। परियोजना से अभी 126 गांवों में सिंचाई हो रही है। आगे चलकर जिले सभी गांवों और खेतों में पानी पहुंचा दिया जाएगा। पाइपलाइन बिछाकर घरों में टोंटी से पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि किसानों को एक हजार रुपए हर महीना मिल रहा है। पीएम सम्मान निधि में 6 हजार रुपए और इतने ही रुपए राज्य सरकार दे रही है। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने अलीराजपुर को जिला बनाया है, साथ ही सड़क, बिजली, स्कूल-कॉलेज की व्यवस्था की है। कहा कि मैं सरकार नहीं परिवार चला रहा हूँ। मैं बहनों का भाई, बेटा-बेटियों का मामा हूँ।
सीएम चौहान ने जनसभा में बोलते हुए कहा कि परिवार के लिए जो करना चाहिए वह करने की कोशिश करता रहूंगा। मैं बहनों की तकलीफें दूर कर दूंगा। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बनाकर हर महीने पैसे डाले जा रहे हैं। लाड़ली बहनों को एक हजार रुपए से शुरू की गई योजना में बढ़ाकर 3 हजार रुपए हर महीने दिए जाएंगे। वर्तमान में 250 रुपए बढ़ाकर 1250 रुपए हर माह कर दिए गए हैं।
इस दौरान सीएम चौहान ने कहा कि मैंने पैसा नहीं दिया बहनों को सम्मान दिया है। कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना और प्रधानमंत्री उज्जवला योजना की हितग्राही बहनों को अब सिलेंडर 450 रुपए में दिया जाएगा। चौहान ने कहा कि जिन लाड़ली बहनों के नाम गैस कनेक्शन नहीं हैं उनके नाम कनेक्शन दिया जाएगा। बहनों का दुख-दर्द दूर करने के लिए निरंतर प्रयास करता रहूंगा। इलाज की समुचित व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से नि:शुल्क उपचार हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications