लोकसभा चुनाव की तैयारी में जेजेपी, रविवार को फरीदाबाद में नव संकल्प रैली
जननायक जनता पार्टी साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। जेजेपी द्वारा सोनीपत लोकसभा की कामयाब जुलाना रैली के बाद रविवार 20 अगस्त को पृथला हलके के गांव मोहना स्थित अनाज मंडी में फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र की बड़ी रैली होगी।
जेजेपी की नव संकल्प रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे तथा डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता बतौर मुख्य वक्ता रैली को संबोधित करेंगे। वहीं फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से जेजेपी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व स्थानीय लोग हिस्सा लेंगे।

जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने कहा कि पार्टी द्वारा फरीदाबाद लोकसभा की रैली की तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई है और रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
उन्होंने कहा कि रैली के जरिए पार्टी अपने संगठन की ताकत दिखाएगी और जेजेपी नई ऊर्जा के साथ फरीदाबाद में लोकसभा चुनाव की तैयारियां जुट जाएगी। निशान सिंह ने कहा कि रैली में बड़ी संख्या में फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र के लोग भाग लेंगे और रैली ऐतिहासिक होगी।












Click it and Unblock the Notifications