मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत अब झारखंड के युवा होंगे हुनरमंद, सीएम हेमंत ने किया शुभारंभ
खबररांची: झारखंड में अब प्रखंड स्तर पर युवा हुनरमंद बनेंगे। शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आर्यभट्ट सभागार में आयोजित कार्यक्रम से इसकी शुरुआत की है। मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत शुरू हुई इस अभियान के पहले चरण में 80 प्रखंडों के 80 केंद्रों में युवाओं को कौशल प्रशिक्षण मिलेगा। इस मौके पर सीएम ने ऑनलाइन प्रशिक्षणार्थियों से बात करते हुए 1039 लाभुकों के बीच 13,03,500 रुपए का रोजगार प्रोत्साहन भत्ता और परिवहन भत्ता के रुप में 2178 लाभुकों के बीच 11 लाख 87 हजार 840 रुपयए डीबीटी के माध्यम से जारी किया।
इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम और श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता मौजूद थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के लोग शर्माते ज्यादा हैं। ऐसे में काम करने के लिए शर्माएंगे तो भूखे मर जाएंगे। काम भगवान होता है इसलिए काम से शर्माना नहीं चाहिए। सीएम हेमंत सोरेन ने युवाओं को हुनरमंद बनने की अपील की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि चुनाव के वक्त मैंने कई वादा किया था. उन्हीं वादों में से एक यह है. इसके माध्यम से युवा हुनरमंद होंगे. प्राइवेट संस्थानों तक अभी तक करीब 20 हजार युवाओं को पहुंचाने का काम सरकार ने किया है. कौशल विकास हर इंसान के लिए जरुरी है. आज के दिन आपके हाथ में हुनर है तो आप कभी भूखे नहीं मर सकते.
अपने विभाग के द्वारा शुरू की गई इस योजना पर खुशी जताते हुए श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि चुनाव के समय जो वादा किया गया था, उसे पूरा करने की दिशा में हेमंत सरकार जुटी हुई है. आज के पहले युवा राज्य और जिला स्तर पर कौशल विकास के जरिए प्रशिक्षित होते थे, अब उन्हें घर के पास प्रखंड में ही यह सुविधा मिलेगी. इसके लिए सरकार बिरसा केंद्र तक आने के लिए परिवहन भत्ता भी मुहैया कराएगी.












Click it and Unblock the Notifications