पंजाब: पूर्व डिप्टी सीएम ओपी सोनी से विजिलेंस की पूछताछ, आय से अधिक संपत्ति का मामला
पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम ओपी सोनी से विजिलेंस ऑफिस में ढाई घंटे पूछताछ हुई है। यह पूछताछ आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई।
अमृतसर। आय से अधिक संपत्ति बनाने के आरोप में पूर्व डिप्टी सीएम ओपी सोनी से मंगलवार को विजिलेंस कार्यालय में लगभग ढाई घंटे तक पूछताछ की गई। एक शिकायत पर विजिलेंस ने उनकी संपत्ति को लेकर जांच की है। उधर, एसएसपी वरिंदर सिंह ने बताया कि पूर्व डिप्टी सीएम को सात दिन में अपनी सारी संपत्तियों का खाका लेकर यहां पहुंचने को कहा गया है।

पुलिस अधिकारियों की पूछताछ के बाद विजिलेंस कार्यालय से बाहर निकल कर पूर्व डिप्टी सीएम सोनी ने बताया कि वह जांच में विजिलेंस को पूरा सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा चुनाव से पहले उम्मीदवार अपनी संपत्ति का पूरा ब्योरा एक फार्म में भरकर चुनाव आयोग को देता हैl उन्होंने ने भी इस संबंध मैं संपत्ति का सारा ब्योरा दिया था।
बता दें कि अमृतसर पुलिस को गत 8 नवंबर को सोनी के खिलाफ एक शिकायत पंजाब विजिलेंस के मुख्यालय से फार्वर्ड होकर आई थी। इसी के लिए सोनी को विजिलेंस के समक्ष प्रस्तुत होने के लिए समन भेजा गया था। सोनी 28 नवंबर को प्रस्तुत न होकर आज मंगलवार को प्रस्तुत हुए और संपत्ति से जुड़े प्रश्नों के उत्तर दिए। बता दें कि वर्ष की शुरुआत में पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद कई कांग्रेस नेताओं को भ्रष्टाचार के मामलों में जेल की हवा खानी पड़ी है। कुछ इस समय जमानत पर बाहर हैं।
इनमें पूर्व वन मंत्री संगत सिंह गिल्जियां, साधु सिंह धर्मसोत, पूर्व उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा, पूर्व खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री भारत भूषण आशु व अन्य शामिल हैं। अनाज ढुलाई घोटाले में फंसे आशु इस समय भी पटियाला जेल में बंद हैं।
अमृतसर से कांग्रेस के दिग्गज नेता हैं ओपी सोनी
ओपी सोनी पंजाब में कांग्रेस के दिग्गज नेता माने जाते हैं। पिछले चुनाव में अमृतसर केंद्रीय विधानसभा चुनाव में आप के अजय गुप्ता के हाथों हार से पहले वह चार बार विधायक रह चुके हैं। वर्ष 1997 में सबसे पहले सोनी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विधानसभा के लिए चुने गए थे। 2002 में भी उन्होंने अपनी सफलता दोहराई। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन कर ली और 2007 का विधानसभा चुनाव उन्होंने अमृतसर पश्चिम से जीता। फिर जीत का क्रम चलता रहा और वह वर्ष 2012 और 2017 में अमृतसर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से जीते। सोनी कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार में स्कूल शिक्षा मंत्री रहे। चरणजीत सिंह चन्नी की सरकार बनने पर हाईकमान ने उन्हें सुखजिंदर सिंह रंधावा के साथ दूसरे डिप्टी सीएम के रूप में शपथ दिलाई।












Click it and Unblock the Notifications