'लीडर बनने के बजाय टीम प्लेयर बने कांग्रेस', बीआरएस MLC कविता ने दिया 2024 का मंत्र
कविता ने दिल्ली में एक राष्ट्रीय समाचार चैनल से बात करते हुए कहा कि भाजपा राजनीतिक लाभ के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है और आने वाली पीढ़ियों के लिए पूरी व्यवस्था को खराब कर रही है।

तेलंगाना में बीआरएस की एमएलसी के. कविता ने गुरुवार को कहा कि केंद्र में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए कांग्रेस पार्टी को टीम लीडर बनने की बजाय टीम प्लेयर बनना सीखना चाहिए। मोदी सरकार को अहंकारी करार देते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने मन बना लिया है और जनता 2024 के आम चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएगी।
के कविता ने कहा, 'भाजपा ने अपनी नीतियां साफ तौर पर दिखा दी हैं और सभी विपक्षी पार्टियां बीजेपी से लड़ने को तैयार हैं। लेकिन, यह कांग्रेस पार्टी को तय करना है कि क्या वह जिम्मेदारी लेने और हमारे साझा दुश्मन से लड़ने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर क्षेत्रीय दलों में शामिल होने के लिए तैयार है या नहीं।'
कविता ने दिल्ली में एक राष्ट्रीय समाचार चैनल से बात करते हुए कहा कि भाजपा राजनीतिक लाभ के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है और आने वाली पीढ़ियों के लिए पूरी व्यवस्था को खराब कर रही है। उन्होंने कहा कि वो जानना चाहती हैं कि ईडी, आईटी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों द्वारा केवल विपक्षी नेताओं को ही क्यों निशाना बनाया जा रहा है और भाजपा नेताओं हिमंत बिस्वा सरमा, ज्योतिरादित्य सिंधिया और अन्य जिन्हें पहले गिरफ्तार किया गया था, के खिलाफ मामलों की स्थिति क्या है और अब तक क्या कार्रवाई की गई है?












Click it and Unblock the Notifications