हरियाणा में JJP के नेता अनूप धानक ने लगाया जनता दरबार, दुष्यंत चौटाला को सीएम बनाने की चल रही है कवायद
पानीपत, फरवरी 16। हरियाणा में जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यमंत्री अनूप धानक ने बुधवार को पानीपत जिले में जनता दरबार लगाया। अनूप धानक ने उस जनता दरबार में आम लोगों की समस्याएं सुनी। इस जनता दरबार में अनूप धानक के साथ प्रदेश प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला भी मौजूद रहे। ये जनता दरबार समालखा क्षेत्र में करहंस, मछरोली, बिहोली, आटा, डिकाडला, जुरासी मेला में लगे।

प्रदेश में जेजेपी के नेता और कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं को जानने के साथ उनकी नब्ज भी टटोल रहे हैं। इसी कड़ी में आज अनूप धानक ने जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला, प्रदेश महासचिव देवेंद्र कादियान और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गांव के लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर समस्याओं के निदान के आदेश दिए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार के ज्यादा से ज्यादा अवसर देकर प्रदेश में बेरोजगारी की समस्या दूर करना है। इस दौरान जेजेपी पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने बताया कि जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं अधिकारियों तक पहुंचाई हैं। उन्होंने बताया कि दुष्यंत चौटाला ने कहा कि 2 साल से अधिक समय में कोरोना के चलते पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता में जो दूरी हुई है, अब उसे गांव-गांव जाकर खत्म करना है. उन्होंने कहा, पूरे प्रदेश में 6700 गांव में पार्टी हर कार्यकर्ता तक जाएगी।
दिग्विजय सिंह चौटाला ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि 2024 में हरियाणा के लाडले, पार्टी के चहेते उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के आगे से उप हटाकर उन्हें पूर्ण बहुमत में मुख्यमंत्री बनाना है. 2024 के चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications