CM Hemant Soren: राहुल के समर्थन में उतरे हेमंत सोरेन, BJP पर भड़के,बोले- देश में आपातकाल जैसे हालात
राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म किए जाने पर झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त किये जाने पर केंद्र की भाजपा सरकार को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि दलों की वैचारिक भिन्नता अब बदले की भावना की लड़ाई बनती जा रही है। यही वजह है कि विपक्ष दलों के नेता भगवा दल के निशाने पर हैं। मुख्यमंत्री ने इसे देश के लिए आपात काल की संज्ञा दी है।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट करते हुए कहा कि आज के अमृत काल में विपक्षी दलों के नेताओं को परेशान करने और चुप रखने के लिए भाजपा और केंद्र सरकार हर हथकंडे अपना रही है। लोकसभा से राहुल गांधी की अयोग्यता करार दिये जाने पर उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि केंद्र के लिए राजनीतिक मतभेद आज के लिए बदले की भावना हो गयी है। आज के अमृत काल में भाजपा के लिए विपक्षी नेता निशाने पर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में कई बार अमृत काल शब्द का प्रयोग किया था। इसका मतलब बेहतर भविष्य की उम्मीद जताते हुए देश को आत्मनिर्भर बनाना और लोगों की उम्मीदें पूरी करना होना चाहिए, लेकिन अब यह साफ हो गया है कि नए भारत में अमृत काल सिर्फ भाजपा नेताओं के लिए है। पूरा विपक्ष और आम नागरिक के लिए आपात काल है।












Click it and Unblock the Notifications