हरियाणा सरकार ने मंजूर किया सीवर और पेयजल परियोजनाओं के लिए 155.56 करोड़ का बजट
चरखी दादरी को सीवर और दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या से स्थायी निजात दिलाने के लिए हरियाणा सरकार ने बुधवार को 155.56 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया है।
इसके अनुसार पेयजल परियोजना पर 115 करोड़ और सीवर व्यवस्था पर करीब साढ़े 40 करोड़ का बजट खर्च किया जाएगा। बजट स्वीकृति के बाद जल्द ही टेंडर आमंत्रित करने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।

दोनों बड़ी परियोजनाएं के धरातल पर परवान चढ़ने के बाद शहरवासियों को राहत मिलेगी। दूसरी ओर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला में दादरी में हुए जलभराव का जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से अपडेट लिया। बता दें कि उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला 21 जून को दादरी शहर में जनसंपर्क अभियान के तहत पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने जल्द ही सीवर व पेयजल परियोजनाओं के लिए बजट स्वीकृत करवाने का वादा किया था। बुधवार को सरकार ने शहर की सीवरेज व्यवस्था व पेयजल सप्लाई को दुरुस्त और प्रभावशाली करने के लिए 155.56 करोड़ रुपये के बड़े बजट को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
सीवर परियोजना की बात करें तो बजट राशि से दिल्ली रोड एसटीपी की क्षमता 5 से बढ़ाकर 7.5 एमएलडी की जाएगी। इसके अलावा तिकोना पार्क स्थित आईपीएस को पूर्णता नवीनीकृत किया जाएगा। तिकोना पार्क आईपीएस से लेकर दिल्ली रोड एसटीपी तक नई और अधिक क्षमता की पाइपलाइन भी लगाई जाएगी, ताकि शहर की सीवर लाइनों के पानी को एसटीपी तक पहुंचाने में किसी तरह की परेशानी न हो। इसके अलावा रविदास नगर की सीवरेज लाइनों को एमसीएच अस्पताल समीप स्थित आईपीएस से जोड़ा जाएगा। इससे पुराना शहर की सीवरेज समस्या दूर होगी।
- पेयजल परियोजना के तहत होंगे ये काम
जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री दुष्यंत को बताया कि दादरी शहर में सीवरेज मिश्रित पेयजल सप्लाई भी एक बहुत बड़ी समस्या है। इसके समाधान के लिए एक प्रभावशाली प्रपोजल तैयार किया गया है। विभाग द्वारा बनाए गए प्रपोजल के अनुसार दादरी शहर में तो 115 करोड़ रुपए खर्च किए जाएगा। विभाग द्वारा तैयार किए गए प्रपोजल में 3 अतिरिक्त स्टोरेज टैंक बनाए जाएंगे। जिनमें से 2 टैंक कपूरी स्थित जलघर में और एक टैंक चंपापुरी स्थित जलघर में बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त 2 नए बूस्टिंग स्टेशन भी दादरी शहर में बनाने को सरकार ने स्वीकृति दी है। एक बूस्टिंग स्टेशन रावलधी बाईपास स्थित फायर स्टेशन के पास और दूसरा पुराने शहर को लोहारू रोड से जोड़ने वाली सड़क पर बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त शहर में कार्यरत बूस्टिंग स्टेशनों और नए बनाए जाने वाले बूस्टिंग स्टेशनों तक जल घर से पानी पहुंचाने के लिए अलग लाइनें बिछाई जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications