हरियाणा: दुष्यंत चौटाला बोले, नूंह हिंसा की जांच जारी, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा नूंह हिंसा की जांच करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हिंसा के दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह राजनीतिक व्यक्ति हो या कोई सामाजिक कार्यकर्ता हो। वे शनिवार को रोहतक में ग्रीवेंस कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार द्वारा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक को नूंह में हिंसा की जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा विभिन्न साक्ष्यों व जांच के आधार पर हिंसा में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर एफआईआर दर्ज की गई है और गिरफ्तारियां भी की गई है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा व राजस्थान की पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ मिलकर कार्य करना चाहिए। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि समाज में भाईचारा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेवारी है।
बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जलभराव से फसलों को हुए नुकसान की जानकारी के लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल पर किसानों से दावे आमंत्रित किए गए है और क्षतिपूर्ति सहायकों के माध्यम से भी रिपोर्ट तैयार करवाई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर सरकार द्वारा प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा राशि वितरित की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications