गरीब, किसान और कमेरे वर्ग को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही हरियाणा सरकार: दुष्यंत चौटाला
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राज्य सरकार ने कल्याणकारी नीतियां लागू कर गरीब, किसान और कमेरे वर्ग को आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के किसान को फसलों का पूरा भाव मिल रहा है और फसलों का भुगतान 48 घंटे के अंदर सीधा किसानों के खातों हो रहा है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि गांवों में पार्क, व्यायामशाला और ई-लाईब्रेरी बनाकर शहरों जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। प्रदेश की ऐसी कोई विधानसभा नहीं है, जहां विकास कार्य नहीं हो रहे हो। वे रविवार को भिवानी जिले के गांव तालू, रोहनात और रिवाड़ी खेड़ा में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। डिप्टी सीएम रोहतक जिले के गांव मोखरा, सैमाण, बल्हम्भा, भराण, गिरावड़ में भी ग्रामीणों से रूबरू हुए।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार प्रदेश में व्यवस्था सुधारने का काम कर रही है। कहा कि सरकार ने भावांतर भरपाई योजना और फसल बीमा योजना से किसानों की चिंता दूर कर उनको जोखिम से मुक्त किया है। डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश के 12 जिले बाढ़ से प्रभावित हुए थे लेकिन सरकार ने तुरंत प्रभाव से क्षतिपूर्ति पोर्टल के माध्यम से नुकसान की भरपाई के लिए आवेदन मांगे।
जिसके बाद किसानों ने 6 लाख 90 हजार एकड़ भूमि बाढ़ से प्रभावित दर्ज करवाई। उन्होंने कहा कि पीड़ित किसानों को इसी सितंबर माह में ही मुआवजा दे दिया जाएगा। कहा कि आज घर बैठे लोगों को ऑनलाइन सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने करीब 600 सरकारी सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया है और इससे सीएससी सेंटर के माध्यम से घर के पास से ही लोग सरकारी सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
इसी तरह आज 20 रुपए में जमीन की फर्द निकल जाती है। डिप्टी सीएम ने कहा कि आज पात्रता पूरी होने पर घर बैठे बुढ़ापा पेंशन, राशन कार्ड, पेंशन योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता के साथ लोगों सेवाएं प्रदान कर रही है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार ने महिलाओं को पंचायतों में 50 प्रतिशत में भागीदारी देने का काम किया है और गांवों में पढ़ी लिखी पंचायतें बनी हैं।
इसके अलावा आज हर तीसरा राशन डिपो महिला को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार नीति बनाकर राशन डिपो आवंटित कर रही है, जबकि पहले फाइलों के ढेर लग जाते थे। दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने गांव रिवाड़ी खेड़ा में अमित वशिष्ठ मैमोरियल क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों को सौगात दी।
जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गांव तालू में ग्रामीणों द्वारा रखी गई पेयजल समस्या के समाधान की मांग पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि गांव में समुचित पेयजल आपूर्ति के लिए एक करोड़ नौ लाख रुपए मंजूर हो चुके है और शीघ्र ही पानी की समस्या दूर हो जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि गांव के एक सरकारी स्कूल का नाम शहीद वीरेंद्र शर्मा के नामकरण के लिए जिला प्रशासन को सभी औपचारिकताएं पूरी करने के आदेश दिए जाएंगे। डिप्टी सीएम ने कहा कि मनरेगा या शिव धाम योजना के तहत गांव के शमशान घाट और कब्रिस्तान में शेड निर्माण करने, चारदीवारी बनाने और समुचित पेयजल का प्रबंध किया जाएगा।
इसी प्रकार से गांव रोहनात में ग्रामीणों द्वारा गांव के संपर्क मार्गों को पक्का करने, कम्यूनिटी सेंटर का निर्माण करने और गांव के ऐतिहासिक बरगद के पेड़ों का जीर्णोद्धार करवाने आदि की मांगे रखी। दुष्यंत चौटाला ने रोहनात में सिंचाई पानी के लिए गांव की एक कमेटी गठित कर चंडीगढ़ में उनसे मिलने को कहा ताकि उच्च अधिकारियों के साथ बैठ कर इस समस्या का स्थाई समाधान किया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications