खेल के क्षेत्र में सिरमौर बना हरियाणा, राष्ट्रीय महिला हैंडबॉल टीम से मुलाकात के बाद बोले दुष्यंत चौटाला
हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि राज्य सरकार ने खिलाड़ियों के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिसकी बदौलत आज हरियाणा खेल के क्षेत्र में सिरमौर बना हुआ है। डिप्टी सीएम बुधवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय महिला हैंडबॉल टीम के सदस्यों से बात कर रहे थे।
इस अवसर पर हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने डिप्टी सीएम से सभी खिलाड़ियों का परिचय करवाया। यह राष्ट्रीय महिला हैंडबॉल टीम चीन में होने वाले एशियाई गेम्स में शिरकत करने जा रही है।

डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने हैंडबॉल टीम के खिलाड़ियों को एशियाई गेम्स के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को कई सुविधाएं उपलब्ध करवा कर उनके खेलों को तराशने का काम कर रही है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज खेल जगत में हरियाणा का बड़ा नाम है। उन्होंने कहा कि हमारे युवा बड़ी उपलब्धियां प्राप्त कर देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देने के साथ-साथ सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अवार्ड पाने वाले खिलाड़ियों को मासिक मानदेय भी दिया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications