हरियाणा: CM खट्टर बोले, राज्य में आयुर्वेद व एलोपैथी का संयुक्त कॉलेज बनवाने की भी मांगी है अनुमति
सीएम खट्टर ने कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि एलोपैथी के साथ होम्योपैथी एवं आयुर्वेदिक पद्धति को भी महत्व देना जरूरी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ग्रेटर फरीदाबाद के अमृता अस्पताल में आयोजित 2 दिवसीय एकीकृत समग्र स्वास्थ्य शिखर सम्मेलन में भाग लिया। इस सम्मेलन को सिविल-20 यानी सी-20 का नाम दिया गया है, जो कि G20 के आधिकारिक कार्य समूहों में से बताया गया है।
सीएम ने कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि एलोपैथी के साथ होम्योपैथी एवं आयुर्वेदिक पद्धति को भी महत्व देना जरूरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण पूरी दुनिया में योग पद्धति को दुनिया में अलग पहचान मिली,आयुर्वेदिक पद्धति के महत्व को ध्यान में रखते हुए कुरुक्षेत्र में श्री कृष्ण आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय की स्थापना की गई।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के स्टैंडर्ड के हिसाब से राज्य में डॉक्टरों की कमी है, जिसको ध्यान में रखते हुए सरकार राज्य के हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज खोलेगी। इसके लिए सरकार कई तरह के कदम उठा रही है, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्रदान की जा सके। राज्य में आयुर्वेद व एलोपैथी का संयुक्त कॉलेज बनवाने की भी अनुमति मांगी है।
सीएम ने आगे कहा- हमें शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन, सुरक्षा, स्वाभिमान के 5 एस के सिद्धांत पर काम करते हुए भूटान देश की तरह हैप्पीनेस इंडेक्स को बढ़ाना होगा। हमें बीमारी होने का इंतजार नहीं करना है, बल्कि पहले ही स्वस्थ रहने की तरफ चलना है। इसके लिए योग, आयुर्वेद व स्वस्थ दिनचर्या सबसे बेहतर साबित हो सकते हैं। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी हमें आगे बढ़ना होगा।












Click it and Unblock the Notifications