पंजाब: 16 जिले के किसानों ने भेजी कृषि मंत्री धालीवाल को शिकायत, तुरंत लिया एक्शन
16 जिले के किसानों ने कृषि मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल के पास अपनी शिकायत भेजी है।

पंजाब में तेज बारिश और ओलावृष्टि से फसल के नुकसान मामले में सरकार द्वारा गिरदावरी के आदेश दिए गए हैं। लेकिन अधिकांश जिलों के किसान अभी तक गिरदावरी नहीं होने से परेशान हैं। यहां तक कि पंजाब के 16 जिले के किसानों ने कृषि मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल के पास शिकायत भेजी है। किसानों ने मंत्री के वॉट्सऐप नंबर (93093-88088) पर यह सभी शिकायतें बीते दो दिन में भेजी है।
किसानों की चिंता और गिरदावरी प्रक्रिया में हो रही देरी के कारण कृषि मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल को वीडियो जारी करनी पड़ी है। क्योंकि 13 अप्रैल को CM भगवंत मान द्वारा अबोहर जाकर किसानों को मुआवजा राशि के चेक देने हैं। लेकिन इससे पहले ही कृषि मंत्री ने वीडियो जारी कर गिरदावरी प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर सफाई दी।
अधिकारियों के पास काम का अधिक बोझ
मंत्री धालीवाल ने कहा कि किसान घबराएं नहीं, उनकी गिरदावरी हर हालत में होगी। उन्होंने अधिकारियों के पास काम का अधिक बोझ होने की बात कही। कहा कि पटवारियों के पास 20-20 गांव हैं, इस कारण गिरदावरी करने में समय लग रहा है। लेकिन जहां कहीं समस्या है, उनका समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।
काम न करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
मंत्री धालीवाल ने कहा कि उन्होंने पटवारी, तहसीलदार, SDM व DC से गुजारिश की है कि किसानों का नुकसान नहीं होना चाहिए। पटवारी पहल के आधार पर किसानों की समस्याओं को दूर करें। उनके कारण किसान परेशान नहीं होने चाहिए। यदि पटवारी के कारण किसान को समस्या आई तो राज्य सरकार कानूनी कार्रवाई को मजबूर होगी। सरकार की नीति है कि जो अधिकारी अच्छा काम करेंगे उनका सम्मान किया जाएगा। लेकिन जो किसानों को परेशान करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कृषि मंत्री ने DC को फोन कर गिरदावरी के आदेश दिए
कृषि मंत्री कुलदीप धालीवाल ने मौके पर ही फाजिल्का, पटियाला, संगरूर व मुक्तसर के DC को फोन किए। उन्होंने गिरदावरी नहीं होने पर किसानों की शिकायतें उनके पास पहुंचने की बात कही। DC को बताया कि उक्त किसानों के पास कोई भी अधिकारी गिरदावरी करने नहीं पहुंचा। धालीवाल ने शिकायतकर्ता का मोबाइल नंबर भी DC को दिया, ताकि उनसे संपर्क किया जा सके। DC ने एक घंटे में सभी शिकायतें दूर कर मंत्री धालीवाल को रिपोर्ट देने की बात कही।
पटियाला की DC ने कहा कि उनकी संयुक्त टीम हैं। उन्होंने कहा कि जहां कहीं कोई अधिकारी नहीं गया तो उन्हें तुरंत भेजा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications