Andhra Pradesh News: TDP सुप्रीमो एन चंद्रबाबू नायडू से जेल में परिवार ने की मुलाकात, पत्नी हुईं भावुक
टीडीपी सुप्रीमो एन चंद्रबाबू नायडू की पत्नी नारा भुवनेश्वरी मंगलवार को राजामहेंद्रवरम सेंट्रल जेल में अपने पति से मिलने के बाद भावुक हो गईं। उन्होंने पति की जेल में सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और कहा कि मेरे पति ने लोगों के अधिकार और स्वतंत्रता के लिए लड़ाई लड़कर क्या गलत कर दिया।
चंद्रबाबू नायडू की पत्नी के साथ उनके बेटे टीडीपी महासचिव नारा लोकेश व उसकी पत्नी ब्राह्मणी ने भी जेल में नायडू से मुलाकात की।

नायडू से मुलाकात के बाद जेल के बाहर मीडिया से बातचीत में उनकी भुवनेश्वरी ने कहा कि उनके पति हमेशा राज्य के विकास के लिए कड़ी मेहनत करते हैं और जेल के अंदर भी वह केवल आंध्र प्रदेश की प्रगति के बारे में बात कर रहे हैं। लोगों से आगे आने और अपने अधिकारों के लिए लड़ने के लिए एकजुट होने का आह्वान करते हुए, भुवनेश्वरी ने कहा कि नायडू हमेशा गरीबों की प्रगति के लिए काम करते हैं और कभी अपने परिवार के बारे में नहीं सोचते हैं।
उन्होंने कहा कि नायडू आंध्र प्रदेश को देश में नंबर एक स्थान पर ले जाने के लिए कड़ा संघर्ष किया और इस वाईएसआरसी सरकार ने राजनीतिक प्रतिशोध के कारण ऐसे नेता को झूठे मामले में फंसाकर जेल भेज दिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि अब नायडू को उस बैरक में रखा गया है, जिसे उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान बनवाया था। हमारे परिवार के सदस्य किसी तरह इसे पचा नहीं पा रहे हैं। जेल से बाहर आते समय उन्हें देखकर हमें ऐसा लग रहा है जैसे हमने कोई अमूल्य चीज़ खो दी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बहादुर बनें और नायडू के साथ चल रही लड़ाई में शामिल हों।












Click it and Unblock the Notifications