प्रदेश सरकार की योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सहयोग करें प्रबुद्धजनः सीएम योगी
रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने बलरामपुर जिले के दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को देवीपाटन मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही सीएम ने गौशाला में गायों को गुड़ और चारा भी खिलाया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के प्रबुद्धजनों से संवाद करते हुए राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में प्रबुद्ध लोगों को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाए और चिन्हित किया जाए। सरकारी स्तर पर चलायी जा रही योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया जाये। इसके साथ ही निजी स्तर पर भी डॉक्टरों, प्रोफेसरों व अन्य बुद्धिजीवियों को अपनी योग्यता का लाभ आम जनता तक पहुंचाना होगा। गौरतलब है कि सीएम योगी दो दिवसीय बलराम दौरे पर पहुंचे हैं। 30 अगस्त की रात यहां विश्राम करने के बाद सुबह वह देवीपाटन मंदिर पहुंचे।

विभिन्न वर्गों के प्रबुद्ध लोगों से संवाद करते हुए सीएम योगी ने उनसे आग्रह किया कि वे जिस भी क्षेत्र के विशेषज्ञ हों, उसका लाभ आम लोगों तक पहुंचाएं। साथ ही लोगों को सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करें। उन्होंने डॉक्टरों से संवाद करते हुए कहा कि उन्हें प्राइवेट प्रैक्टिस करते हुए भी जन कल्याण के लिए काम करते रहना चाहिए. उन लोगों की मदद करें जिन्हें ज़रूरत है। किसी को भी इलाज के लिए सरकारी योजना का लाभ मिले, इसके लिए प्रयास करें।
सरकार द्वारा जन आरोग्य, आयुष्मान समेत कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, इनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में आप अहम कड़ी साबित हो सकते हैं। मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से भी अपील की कि वे न केवल सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें बल्कि अन्य लोगों को भी इसमें शामिल करें। इसके अलावा सीएम ने सेवानिवृत्त शिक्षकों, प्रोफेसरों, किसानों, एफपीओ से जुड़े लोगों और खिलाड़ियों समेत सभी 25 बुद्धिजीवियों से अपने-अपने स्तर पर समाज में योगदान देने और सरकारी योजनाओं को बढ़ावा देने की अपील की। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह बलरामपुर के देवीपाटन मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर में देवी की पूजा की। इस दौरान सीएम रुद्राभिषेक में भी शामिल हुए। इसके बाद वह गौशाला पहुंचे और यहां गायों को दुलारा और उन्हें गुड़ और चारा खिलाया।












Click it and Unblock the Notifications