दिल्ली वालों को पेयजल समस्या से मिलेगी निजात, केजरीवाल सरकार देने जा रही है बड़ा तोहफा
नई दिल्ली, 15 नवंबर: देश की राजधानी दिल्ली की झुग्गी बस्तियों में पेयजल समस्या दूर करने के लिए आम आदमी पार्टी सरकार ने आरओ वाटर एटीएम लगाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत विभिन्न झुग्गी बस्तियों में अगले साल के अंत तक एक हजार आरओ वाटर एटीएम लगेगा। इस बाबत दिल्ली जल बोर्ड का कहना है कि अभी योजना शुरुआती चरण में है। वाटर एटीएम लगने से झुग्गी इलाकों में पेयजल के लिए टैंकर पर निर्भरता दूर होगी।

लोगों को उन इलाकों में आरओ वाटर एटीएम के माध्यम से 24 घंटे पेयजल जल की सुविधा उपलब्ध होगी।ये आरओ वाटर एटीएम मौजूदा सरकारी ट्यूबवेल में लगाए जाएंगे। ट्यूबवेल से भूजल को निकालकर आरओ सिस्टम से शोधित किया जाएगा। जिसे वाटर एटीएम के माध्यम से पेयजल के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
गौरतलब है कि मौजूदा समय में झुग्गी बस्तियों में टैंकर से पानी आपूर्ति होती है। लोगों को पेयजल के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। टैंकर पहुंचने पर भी लोगों को पानी के लिए लाइन में लगना पड़ता है। यह समस्या दूर करने के लिए हर पांच हजार परिवार पर एक लाख लीटर क्षमता का आरओ वाटर एटीएम लगाया जाएगा। इससे हर परिवार को औसतन 200 से 250 पानी उपलब्ध हो सकेगा।
लोगों को यह सुविधा मुहैया कराने के लिए दिल्ली जल बोर्ड झुग्गी बस्तियों के सभी परिवार को एक कार्ड भी उपलब्ध कराएगा, ताकि हर परिवार को निर्धारित मात्रा में पानी उपलब्ध हो सके। जल बोर्ड एक टैंकर से एक बार में करीब तीन हजार लीटर पानी आपूर्ति करता है। जबकि आरओ वाटर एटीएम से एक लाख लीटर पानी आपूर्ति होने से टैंकरों पर निर्भरता दूर होगी। वाटर एटीएम से पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था किस तरह लागू होगी यह तय होना बाकी है।












Click it and Unblock the Notifications