फरीदाबाद में रविवार को परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे सीएम खट्टर
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर रविवार को फरीदाबाद में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
चंडीगढ़, 3 सितंबर: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर रविवार को फरीदाबाद में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर दिशा निर्देश दिए।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर चर्चा
जिला उपायुक्त विक्रम ने कहा कि रविवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल वीडियो कांफ्रेंस के जरिये विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान फरीदाबाद में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शिलान्यास व उद्घाटन वाले सभी विभागों के अधिकारियों को बैठक लेकर दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे सीएम
जिला उपायुक्त ने कहा कि राज्य के मुखिया करनाल में मौजूद रहकर शिक्षा विभाग के कन्या राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल दयालपुर का उद्घाटन करेंगे। वहीं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फरीदपुर का उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद सीएम खट्टर एचवीपीएन के 220 किलोवाट पावर स्टेशन सेक्टर-58 का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री द्वारा सेक्टर-23 में और खेड़ी गुजरान में पावर स्टेशन की आधारशिला रखी जाएगी।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद
इसी प्रकार मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के हाथों लोक निर्माण विभाग द्वारा बल्लभगढ़-तिगांव रोड को चार लेन, फरीदाबाद से जसाना, चीरसी, मंझावली, शेरपुर-अट्टा गुजरान में दो लेन सड़क का शिलान्यास किया जाएगा। जिला उपायुक्त के साथ बैठक में एचवीपीएन के अधीक्षक अभियंता अतुल अग्रवाल, डीआइओ मुनीश बाबू अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी डा. मनीष चौधरी, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डा. वीरेंद्र देव आर्य, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रदीप संधू सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications