सीएम मनोहर लाल ने हरियाणा के खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन पर कहा, उम्मीद है खेलो इंडिया के चैंपियन बनेंगे हम
पंचकूला, 9 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित खेलो इंडिया की अलग-अलग प्रतियोगिताओं को देखने के बाद कहा कि खेलो इंडिया का मेजबान तो हरियाणा है ही और हमें पूरी उम्मीद है कि इसके चैंपियन भी हम होंगे। हमारे खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया का हरियाणा में बेहतर आयोजन हो रहा है। इससे जुड़े अलग-अलग प्रबंधक जो पिछले 3 खेलो इंडिया को आयोजित कर चुके हैं, उनका भी मानना है कि हरियाणा में यह आयोजन बहुत ही अच्छे वातावरण में हो रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मेजबान तो हरियाणा है ही मुझे उम्मीद है कि खेलो इंडिया के चैंपियन भी हम होंगे।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल व केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री गजेंद्र शेखावत ने ताऊ देवीलाल स्टेडियम में पहुंचकर 200 मीटर रेस के विजेताओं को मेडल पहनाकर उन्हें सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने मलखंभ देखा और हैंडबॉल के खिलाड़ियों से मुलाकात कर, उनको बधाई दी।
हरियाणा में पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित खेलो इंडिया में पहुंचे केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलों व खिलाड़ियों के लिए अनुकूल वातावरण बनाया है। आज देश में बेहतर खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार हुआ है।
उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा कि इस दौरान खेल और खिलाड़ियों ने खूब तरक्की की है। हरियाणा ने जिस प्रकार खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर, खेल पॉलिसी व खेलों में जिस प्रकार सहयोग किया है उससे प्रदेश का खेलों में नाम रोशन हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications