सीएम केसीआर ने नागपुर में किया पार्टी के कार्यालय का उद्घाटन, उठाया दलितों का मुद्दा
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) ने महाराष्ट्र के विदर्भ में आज अपनी पार्टी के पहले कार्यालय का उद्घाटन नागपुर में किया। केसीआर की भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) तेलंगाना के अलावा अन्य राज्यों में भी अपना जनाधार बढ़ाने की कोशिश कर रही है। विदर्भ के लिए बीआरएस सदस्यों ने नागपुर कार्यालय के उद्घाटन में केसीआर की उपस्थिति के साथ कई अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
इससे पहले केसीआर का नागपुर एयरपोर्ट पर जबरदस्त स्वागत किया गया। वह यहां दोपहर में करीब 3:45 पहुंचे। उसके बाद वे पार्टी ऑफिस के लिए निकल गए। वहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में ऑफिस का उद्घाटन किया।

केसीआर ने कहा, 'देश में दलितों की क्या स्थिति है? जब तक दलितों की गरीबी और उनके खिलाफ अत्याचार दूर नहीं होंगे, तब तक हमारे चेहरे पर लगा धब्बा नहीं मिटेगा। अमेरिका में गोरों ने मूल निवासियों पर अत्याचार किए। एक कार्यक्रम में मैंने कहा था कि अमेरिका ने बराक ओबामा को अपना राष्ट्रपति बनाकर अपने पाप धो दिए...जब तक दलितों का दमन होता रहेगा, हमें शांति नहीं मिलेगी...कैसे आदिवासी अपने अधिकारों के लिए कब तक लड़ेंगे?...जब तक देश और उसकी विचारधारा नहीं बदलेगी, कुछ नहीं होगा। सिर्फ चुनाव आएंगे और जाएंगे और नाटक चलता रहेगा।'
केसीआर अपनी पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाना चाहते हैं। इसी कारण से पार्टी का विस्तार किया जा रहा है। पार्टी का प्रयास है कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में अपनी स्थिति को मजबूत करे। केसीआर वहां पर कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग करेंगे और उन्हें जनाधार बढ़ाने का मंत्र देंगे। इसके साथ तेलंगाना सीएम के कई और कार्यक्रम भी होंगे। बीआरएस 'अबकी बार किसान सरकार' के नारे के साथ चुनाव में उतरने का इरादा बना रही है। इस नारे से किसानों को अपने पक्ष में करने का बीआरएस का प्लान है।












Click it and Unblock the Notifications