CM Hemant Soren रामगढ़ में बोले- झारखंड की चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने में जुटा केंद्र
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार जनता की चुनी हुई सरकार को बदनाम और अस्थिर करने में जुटी है। केंद्र के इशारे पर सीबीआई,

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार जनता की चुनी हुई सरकार को बदनाम और अस्थिर करने में जुटी है। केंद्र के इशारे पर सीबीआई, ईडी व अन्य जांच एजेंसियां राजनीतिक लाभ के लिए मुझे बदनाम कर सत्ता से बेदखल करने की साजिश रच रही हैं। सीएम ने ये बातें रामगढ़ के गोला में रविवार को एक चुनावी सभा में कही।
सीएम ने मुश्किलों के लिए कोविड को ठहराया जिम्मेदार
सभा में सीएम ने कहा कि केंद्र को जो भी हथकंडा अपनाना है अपना ले, वे घबराने वाले नहीं हैं। जब तक जनता का आशीर्वाद मेरे साथ है, कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता। उन्होंने कहा कि 2019 में सत्ता संभालते ही कोरोना का दंश पूरे राज्य को झेलना पड़ा। ऐसे मुश्किल समय में सरकार ने दूसरे प्रदेशों में फंसे राज्य के लाखों मजदूरों को वापस सुरक्षित लाया और उन्हें रोजगार उपलब्ध कराया।
उस समय भी केंद्र ने तंज कसते हुए कहा था कि हवाई चप्पल पहनने वालों को सरकार हवाई जहाज का सफर करवा रही है। कोरोना का प्रकोप थमने के बाद सरकार गरीब-गुरबों को उनका हक देने में जुटी है।
सरकार ने सर्वजन पेंशन योजना के तहत राज्य के तमाम वृद्धों को पेंशन देने का काम किया है। आज राज्य को कोई भी वृद्ध, विधवा, दिव्यांग, पेंशन से वंचित नहीं है।
रामगढ़ विधानसभा सीट पर 27 फरवरी को वोटिंग
गौरतलब है कि झारखंड के रामगढ़ विधानसभा सीट पर 27 फरवरी को उपचुनाव के लिए वोटिंग होनी है। मुख्य मुकाबला यूपीए और एनडीए के बीच है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि सीएम हेमंत सोरेन ने मोर्चा संभाल लिया है और फ्रंटफुट पर खेल रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि 200 फीसदी महागठबंधन ही उपचुनाव जीतेगी। यह सीट, ममता देवी की विधायकी जाने से खाली हुई है।












Click it and Unblock the Notifications